आमने सामने से टक्कर: दो ट्रक खाक हुए, एक ड्राइवर जिंदा जला

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार की सुबह हुए एक भीषण हादसे में दो ट्रके जलकर खाक हो गई जबकि एक ट्रक के ड्राइवर की आग़ में जलकर मौत हो गई।
यह दुर्घटना कोरबा जिले की मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र में केंदई गांव के पास नेशनल हाईवे 130 पर हुई है। इनमें से एक ट्रक में सीमेंट भरा हुआ था जो बलौदा बाजार से अंबिकापुर की ओर जा रही थी, जबकि दूसरे ट्रक में कोयला था जो अंबिकापुर से रायपुर जा रही थी।
बिलासपुर अंबिकापुर नेशनल हाईवे 130 पर कोरबा जिले के सीमा क्षेत्र में अनेक अंधे मोड है, जिनमें आए दिन बड़ी सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पिछले सप्ताह भी मड़ई के पास अंधे मोड़ में एक ट्रक और एक पिकअप के बीच आमने-सामने से टक्कर हो गई थी जिसमे ट्रक ड्राइवर और उसके हेल्पर की मौत हो गई थी।
आश्चर्य की बात तो यह है कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने हाल ही में इस सड़क का निर्माण किया तब ऐसे ब्लैक स्पॉट को सुरक्षित बनाने का कोई प्रयास नहीं किया। हाईवे के एक बड़े हिस्से में डिवाइडर का निर्माण नहीं किया गया है जिसके कारण भी मोड में इस तरह की दुर्घटनाएं होती हैं। उधर कोरबा जिला प्रशासन और पुलिस विभाग भी इन दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रति उदासीन बने हुए हैं। दुर्घटना की सूचना पाकर मोरगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
मोरगा चौकी प्रभारी मनकू राम मरकाम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आज सुबह मड़ई के पास झरना अंधे मोड़ में दो ट्रकों में आमने सामने से टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों ट्रकों में आग लग गई। एक ट्रक का ड्राइवर केबिन में फंस गया था जिसकी आग से जलकर मौत हो गई। एक ड्राइवर सुरक्षित है। मामले की विवेचना जारी है।
