मड़ई में हसदेव पुल के अंधे मोड़ पर फिर हादसा, 2 की मौत; 1 घायल

कोरबा। जिले से होकर गुजरने वाले बिलासपुर से अंबिकापुर नेशनल हाईवे 130 पर हादसा है कि रुकने का नाम ही नहीं ले रहे। शुक्रवार 20 फरवरी की देर शाम ट्रक और पिकअप वहां में आमने-सामने हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कोरबा जिले के बांगो थाना अंतर्गत मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र के केंदई गांव में हसदेव पुल के पास यह भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसे में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मनकूराम मरकाम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर देखा कि हाइवा वाहन का चालक वाहन में ही फंस गया था। उसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। हाइवा वाहन (ट्रक) में चावल लोड था, जबकि पिकअप वाहन में सब्जी लदी थी। दोनों वाहनों की रफ्तार तेज होने के कारण हसदेव पुल के अंधे मोड़ पर आमने सामने से टक्कर हो गई। मार दी और आगे मोड़ पर जा टकराया। दुर्घटना में हाइवा वाहन के चालक और हेल्पर की मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक घायल हो गया।
इस भीषण दुर्घटना के बाद पिकअप में लदी सब्जियां सड़क पर बिखर गईं और ट्रक की चावल की बोरियां भी नीचे गिर गईं। मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मोरगा चौकी प्रभारी मनकूराम मरकाम और अन्य स्टाफ ने जेसीबी मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से किनारे कराया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात शुरू हो सका।
मोरगा पुलिस चौकी प्रभारी मनकूराम मरकाम ने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है। मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि हाइवा वाहन के मृत चालक का नाम विनोद यादव है, जो वाहन का मालिक भी था। वह बिहार से चावल लेकर रायपुर ( छत्तीसगढ़ ) जा रहा था। जबकि पिकअप का चालक बिलासपुर से सब्जी लेकर अंबिकापुर जा रहा था। घायल पिकअप चालक को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
