छत्तीसगढ़ में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, दो जिलों में रिश्वतखोर अफसर-कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग जिलों में रिश्वत लेते हुए सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोंडागांव और अंबिकापुर में की गई है।
कोंडागांव में पेंशन के नाम पर रिश्वतखोरी
कोंडागांव जिले के बीईओ कार्यालय में पदस्थ बाबू सतीश सोढ़ी को एसीबी की टीम ने 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार मिडिल स्कूल सरपंच पारा से सेवानिवृत्त शिक्षक सोनसिंह यादव अपनी पेंशन प्रारंभ कराने के लिए लंबे समय से कार्यालय के चक्कर काट रहे थे। आरोप है कि बाबू सतीश सोढ़ी ने पेंशन चालू कराने के बदले उनसे 40 हजार रुपये की मांग की थी। परेशान होकर पीड़ित शिक्षक ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद एसीबी जगदलपुर की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
अंबिकापुर में हाउसिंग बोर्ड कार्यालय पर छापा
दूसरी बड़ी कार्रवाई अंबिकापुर के गोधनपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड के संभागीय कार्यालय में की गई, जहां एसीबी ने संभागीय कमिश्नर पीसी अग्रवाल और बाबू अनिल सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कमिश्नर पीसी अग्रवाल ने एक ठेकेदार से काम के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा।
फिलहाल एसीबी दोनों मामलों में आरोपियों को कार्यालय लाकर विस्तृत पूछताछ कर रही है। इन कार्रवाइयों से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।
