20 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या, पुराने क्वार्टर में फांसी पर लटका मिला शव

कोरबा 31 जनवरी। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत घुड़देवा इलाके में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 20 वर्षीय युवती ने पुराने क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फांसी के फंदे पर लटक रही युवती के शव को नीचे उतारकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
मृतिका की पहचान आरती टंडन (उम्र लगभग 20 वर्ष), पिता अजीत टंडन के रूप में हुई है। आरती मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के गुमिया गांव की रहने वाली थी और वर्तमान में कोरबा में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। वह बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
परिजनों के अनुसार, बुधवार को आरती घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान घर में रखी घुड़देवा स्थित पुराने क्वार्टर (बी-2/27) की चाबी गायब मिली, जिससे परिजनों को संदेह हुआ। शक के आधार पर परिजन आरती के नाना अमृत टंडन के उस पुराने क्वार्टर पहुंचे, जो अंदर से बंद था। इसके बाद मृतिका के भाई ने पीछे की ओर से दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया, जहां आरती का शव पंखे से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला।
बताया जा रहा है कि आरती बचपन से ही अपने नाना के साथ इसी क्वार्टर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। कुछ समय पहले नाना के एसईसीएल से सेवानिवृत्त होने के बाद पूरा परिवार गांव गुमिया शिफ्ट हो गया था और यह क्वार्टर बंद पड़ा था।
घटना की सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एसईसीएल अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया। गुरुवार को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतिका के पिता अजीत टंडन ने बताया कि घटना से पहले आरती की मां ने किसी बात को लेकर उसे समझाने के उद्देश्य से फटकार लगाई थी। इसके बाद वह कॉलेज जाने के नाम पर घर से निकली थी। हालांकि परिजनों को यह अंदेशा नहीं था कि वह इतना बड़ा आत्मघाती कदम उठा लेगी।
