एसईसीएल कर्मी यादव को आर्चरी में गोल्ड, खेलेंगे टोक्यो में

कोरबा 30 जनवरी। कोरबा जिले के उभरते हुए धनुर्धर सेद यादव को महाराष्ट्र के पुणे शहर में आयोजित आर्चरी काम्पीटिशन में स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ। राष्ट्रीय स्तर पर क्वालीफाई करने के साथ उन्होंने जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित होने वाले अंर्तराष्ट्रीय गेम्स के लिए पात्रता हासिल कर ली है। आठवां मास्टर गेम्स आर्चरी 27 से 31 जनवरी तक पुणे में आयोजित हुआ।
कोरबा के एसईसीएल सेंट्रल वर्कशाप के कर्मचारी सेद यादव ने इसमें मजबूती के साथ दमखम दिखाया और स्वर्ण पदक जीत लिया। वर्कशाप के महाप्रबंधक जीके द्विवेदी, कार्मिक प्रबंधक शैलेन्द्र परासर, इलेक्ट्रिक रिपेयर शॉप के सभी अधिकारी, कर्मचारियों ने सफलता की बधाई दी। जानकारी मिली कि तीरंदाजी का अंर्तराष्ट्रीय आयोजन अगले महीने जापान में होना है। एसईसीएल ने कर्मचारी गतिविधियों के अंतर्गत श्री यादव को पर्याप्त सहायता और प्रोत्साहन देने का वादा किया है।
