बैकुंठपुर में कोरबा की गम्मत पार्टी का अश्लील प्रदर्शन, कड़ी निंदा के साथ गर्म हुई सियासत और रोजगार सहायक बर्खास्त

कोरिया/ बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत ‘नाचा-गम्मत’ को कलंकित करने का एक मामला सामने आया है। कोरिया जिले के बैकुंठपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में कोरबा से बुलाई गई नाचा मंडली ने कला के नाम पर ऐसी फूहड़ता दिखाई कि देखने वाले भी शर्मसार हो गए। इस दौरान मंच पर नोटों की बारिश करने वालों में शासन के ‘खास’ मुलाजिम भी पीछे नहीं रहे।
इस आयोजन में विशेष रूप से कोरबा की नाचा मंडली को आमंत्रित किया गया था। उम्मीद थी कि लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी, लेकिन इसके उलट डांसरों ने मंच पर आपत्तिजनक और फूहड़ डांस की झड़ी लगा दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोरबा की इस मंडली द्वारा पेश किए गए नृत्य में कला कम और फूहड़ता ज्यादा थी। यह वीडियो अब पूरे प्रदेश में वायरल हो रहा है, जिससे कोरबा और कोरिया दोनों जिलों की छवि पर सवालिया निशान लग रहे हैं।
इसी कड़ी में, जब मंच पर कोरबा की डांसर फूहड़ता की हदें पार कर रही थीं, तब सुरक्षा और विकास की जिम्मेदारी संभालने वाले रोजगार सहायक नोट उड़ाने में मशगूल थे। वायरल क्लिप में साफ दिख रहा है कि किस तरह नियम-कायदों को धता बताकर सरकारी कर्मी इस तमाशे का हिस्सा बने।

इस बीच बता दें कि जिले के जनपद पंचायत सोनहत स्थित एक सरकारी स्कूल परिसर में नाचा कार्यक्रम में एक रोजगार सहायक द्वारा महिला डांसर के ऊपर नोट उड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने रोजगार सहायक जिंदरसाय सोनवानी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि रोजगार सहायक मस्ती करते हुए नोट उड़ा रहा है।
जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में पोड़ी, सोनहत समेत आस-पास के गांवों के लोग डांस देखने आए थे। इस दौरान रोजगार सहायक जिंदर साय ने महिला डांस पर नोट उड़ाए। इसका वीडियो मोबाइल पर बनाकर वहां मौजूद लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
घटना को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत सोनहत ने पहले संबंधित रोजगार सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन जवाब संतोषप्रद नहीं पाए जाने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-03 के तहत नौकरी से बर्खास्त कर दिया।
