एनजीओ द्वारा संचालित बाल गृह में कार्यरत कर्मचारियों को यथावत सेवा में रखने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

कोरबा 21 जनवरी। महिला एवं बाल विकास विभाग के अतंर्गत एनजीओ द्वारा संचालित बाल गृह में कार्यरत कर्मचारियों ने यथावत सेवा में रखे जाने के संबंध में मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।

उन्होंने निवेदन करते हुए कहा है कि वे नीचे हस्ताक्षरकर्ता कर्मचारी, महिला एवं बाल विकास विभाग छत्तीसगढ़ शासन के अंतर्गत एनजीओ के माध्यम से संचालित बाल गृह में विगत कई वर्षों से निरंतर अपनी सेवाएं देते आ रहे है। वे सभी पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं मानव सेवा की भावना से बाल गृह में निवासरत निराश्रित, अनाथ एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की देखभाल, पालन-पोषण के अलावा उनकी सुरक्षा एवं भविष्य निर्माण के लिए कार्य करते आ रहे हैं।

हमें यह ज्ञात हो रहा है कि हमारी सेवाओं को समाप्त करने अथवा हमें कार्य से हटाने की प्रकिया की जा रही है। जिससे समस्त कर्मचारियों के सामने गंभीर आर्थिक एवं मानसिक संकट खड़ा हो गया है। इसी पर सबके परिवारों की आजीविका पूर्णत निर्भर है। यदि उनकी सेवाएं समाप्त की जाती है तो न केवल उनके परिवार सडक पर आ जायेगे बल्कि बाल गृह की पूरी व्यवस्था भी प्रभावित होगी, क्योंकि सभी कर्मचारी वर्षों से अपनी सेवाएं देते हुए इस कार्य में प्रशिक्षित एवं अनुभवी हो चुके हैं।

समस्त कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री से करबद्ध एवं हृदय से निवेदन किया है कि उनकी सेवा, त्याग और समर्पण को ध्यान में रखते हुए एनजीओ द्वारा संचालित बाल गृह में कार्यरत समस्त कर्मचारियों को यथावत सेवा में बनाये रखें, ताकि वे आगे भी पूरी निष्ठा से अनवरत इन बच्चो और शासन की सेवा करते रहें।

Spread the word