कार और पिकअप की आमने-सामने हुई भिड़ंतः कार के उड़े चीथड़े, दुर्घटना में जनहानि नही

कोरबा 20 जनवरी। कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-130 पर बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरसिया के समीप तान नदी पुल के पास आज शाम लगभग 6 बजे तेज रफ्तार और लापरवाही का खतरनाक नजारा देखने को मिला। कार और पिकअप (टाटामैक्स) की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में कार के चीथड़े उड़ गए, जबकि कुछ ही पलों के अंतर से एक बड़ा हादसा टल गया।
लोगों के अनुसार, कार कटघोरा से अंबिकापुर की ओर जा रही थी। उसी समय अंबिकापुर से कटघोरा की दिशा में तेज रफ्तार से आ रही पिकअप वाहन गलत साइड में आ गई और तान नदी पुल के पास सीधे कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पिकअप चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन का क्रमांक सीजी-08-एजे-1635 बताया गया है। सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।
