जिला परिवहन विभाग ने स्कूल बसों का किया निरीक्षण, 70 स्कूल बसों की हुई जांच

कोरबा 19 जनवरी। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय कोरबा द्वारा लगातार जागरूकता एवं प्रवर्तन संबंधी गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में 18 जनवरी 2026 को जिला परिवहन कार्यालय परिसर में स्कूल बसों का विशेष निरीक्षण अभियान आयोजित किया गया।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा ने बताया कि यह निरीक्षण केंद्रीय मोटरयान नियम 1994 के नियम 71 (ख) एवं (ग) के अंतर्गत किया गया। अभियान के दौरान स्कूल बसों की कुल 16 बिंदुओं पर गहन जांच की गई। इसमें बस की फिटनेस, अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता, फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन दरवाजे, स्पीड गवर्नर, चालक की योग्यता व लाइसेंस, बस पर आवश्यक संकेतक, रंग-रूप, स्टॉप साइन बोर्ड, फर्स्ट एड की स्थिति तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच शामिल रही। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि स्कूल बसें पूरी तरह सुरक्षित हों और बच्चों को किसी प्रकार का जोखिम न उठाना पड़े।

निरीक्षण अभियान के दौरान कुल 70 स्कूल बसों की जांच की गई। इनमें से सरस्वती शिशु मंदिर, सीतामढ़ी की एक स्कूल बस में निर्धारित जांच बिंदुओं में कमी पाई गई, जिस पर 1500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा जो स्कूल बसें निरीक्षण के लिए उपस्थित नहीं हुईं, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी कर शीघ्र जांच के लिए उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

इस विशेष अभियान में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा के साथ सदानंद जांगड़े (सहायक वर्ग-दो), संजय वस्त्रकार (सहायक वर्ग-दो), मनोज राठौर, लखन सिंह, राम पाटले (यातायात पुलिस), शत्रुघ्न ध्रुव बाबू, अनुपम पटेल (उड़न दस्ता प्रभारी) एवं आरक्षक प्रफुल्ल सहित परिवहन विभाग का अमला उपस्थित रहा।

परिवहन विभाग ने स्कूल प्रबंधन एवं वाहन संचालकों से अपील की है कि वे स्कूल बसों में सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें, ताकि बच्चों की सुरक्षित और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित की जा सके तथा किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव हो सके।

Spread the word