पेट्रोल पंप कर्मियों से दो चाकू की नोक पर लूट, चार नकाबपोश फरार

कोरबा 17 जनवरी। कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक पेट्रोल पंप में रात्रि ड्यूटी कर रहे दो कर्मचारियों के साथ चाकू की नोक पर लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चार अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने दो अलग-अलग चाकुओं से धमकाते हुए कर्मचारियों से नगदी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
प्रार्थी ग्राम रजकम्मा निवासी राजकुमार कश्यप श्री साईं पेट्रोल पंप में सेल्समैन के पद पर कार्यरत है। उसने बताया कि 15 जनवरी की रात उसकी ड्यूटी रात 8 बजे से 16 जनवरी की सुबह 10 बजे तक कांशीराम टांडिया के साथ थी। रात करीब 8.30 बजे ओमप्रकाश कश्यप व प्रभाकर सिंह मरकाम से पंप का चार्ज लिया गया, जिसके बाद मैनेजर रामकुमार पटेल दिनभर का हिसाब-किताब और नगदी लेकर चले गए।
रात लगभग 1 बजे दो मोटरसाइकिलों में सवार चार युवक पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे। बदमाशों ने मोटरसाइकिल शटर वाले कमरे के सामने खड़ी की और अचानक दो आरोपी राजकुमार के पास तथा दो कांशीराम के पास पहुंच गए। लेटे हुए अवस्था में ही आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से चेहरे, आंख और माथे पर हमला किया और गाली-गलौज करते हुए पैसों के बारे में पूछने लगे।
आरोपियों ने राजकुमार की पैंट की जेब में रखी बिक्री रकम 6,000 रुपये और कांशीराम की जेब से 2,000 रुपये निकाल लिए। इस दौरान दो बदमाशों के हाथ में सब्जी काटने वाले चाकू थे, जिनसे वे दोनों कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। लूटपाट के बाद चारों आरोपी दोनों तरफ के शटर खींचकर मौके से फरार हो गए। बदमाशों ने मुंह पर गमछा बांध रखा था और गर्म कपड़े पहन रखे थे।
घटना के बाद घायल कर्मचारियों ने अपने मोबाइल से मैनेजर रामकुमार पटेल को सूचना दी, जिसके बाद कांशीराम के साथ चौतमा चौकी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। राजकुमार कश्यप की शिकायत पर पाली थाना में अज्ञात चार आरोपियों के खिलाफ धारा 309(6) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
