मिनी गार्डनिंगः फूलों से मुस्कुराना सीख रहा कोरबा

नगर सौंदर्यीकरण से मिली नई पहचान

कोरबा 16 जनवरी। नगर पालिका निगम कोरबा द्वारा नगर सौंदर्यकरण अभियान को नई गति दी जा रही है। इसी क्रम में शहर के विभिन्न हिस्सों में की गई मिनी गार्डनिंग लोगों के आकर्षण का केंद्र बन रही है। चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और पहले खाली पड़ी जगहों पर विकसित किए गए ये छोटे-छोटे उद्यान न सिर्फ शहर की सुंदरता बढ़ा रहे हैं, बल्कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी पैदा कर रहे हैं।

नगर निगम ने सुरक्षित और आकर्षक शहर की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से इन स्थानों पर मिनी गार्डन विकसित किए हैं। महापौर संजू देवी राजपूत और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे की पहल और सकारात्मक सोच से यह कार्य संभव हो पाया है। इस पूरे अभियान में निगम के उद्यानिकी विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नगर निगम की ओर से बताया गया कि इन मिनी गार्डन में गेंदा, डहेलिया, गुलाब, सेवंती, गुड़हल, ट्यूलिप सहित विभिन्न किस्मों के मौसमी और सजावटी फूल लगाए गए हैं। ठंड के मौसम में खिले इन रंग-बिरंगे फूलों का बहुरंगी कलेवर राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को खासा आकर्षित कर रहा है। एक ओर यह पहल शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है, वहीं दूसरी ओर आमजन को गार्डनिंग और प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित भी कर रही है। नागरिकों का कहना है कि ऐसे प्रयासों से शहर की पहचान और रहने का अनुभव दोनों बेहतर हो रहे हैं। नगर निगम ने भविष्य में भी ऐसे ही और स्थानों पर मिनी गार्डन विकसित करने की योजना बनाई है, ताकि कोरबा को एक हरित और सुंदर नगर के रूप में स्थापित किया जा सके।

Spread the word