अयोध्या: राम जन्मभूमि परिसर में नमाज पढ़ने की कोशिश; कश्मीर के 2 युवक और 1 युवती हिरासत में

अयोध्या: धर्मनगरी अयोध्या के राम जन्मभूमि परिसर में शनिवार सुबह सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। मंदिर परिसर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में प्रवेश कर नमाज पढ़ने की कोशिश कर रहे तीन लोगों को सुरक्षाकर्मियों ने हिरासत में लिया है। पकड़े गए संदिग्धों में दो युवक और एक युवती शामिल है, जो कथित तौर पर कश्मीर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
सीता रसोई के पास पकड़े गए संदिग्ध
जानकारी के अनुसार, तीनों संदिग्ध राम मंदिर के गेट नंबर D1 से परिसर के भीतर दाखिल हुए थे। वे चलते हुए मुख्य मंदिर से महज 200 मीटर दूर सीता रसोई के पास जा पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वहां पहुंचते ही एक युवक कश्मीरी वेशभूषा में नमाज पढ़ने के लिए बैठ गया। उसकी संदिग्ध हरकतों को देखते ही तैनात SSF (विशेष सुरक्षा बल) के जवानों ने उसे तुरंत दबोच लिया।
हिरासत में संदिग्ध: खुफिया एजेंसियां पूछताछ में जुटीं
पकड़े गए संदिग्धों की पहचान अभी प्रारंभिक स्तर पर है:
अबू अहमद शेख: निवासी शोपियां, कश्मीर।
सोफिया (युवती): निवासी कश्मीर।
दूसरे युवक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
हिरासत में लिए जाने के दौरान युवकों ने नारेबाजी भी की, जिसके बाद उन्हें अज्ञात स्थान पर ले जाकर पूछताछ की जा रही है। खुफिया एजेंसियां (IB), स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्रिय हो गए हैं। हालांकि, जिला प्रशासन और राम मंदिर ट्रस्ट ने फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
