हरदीबाजार जमीन अर्जित मामलाः 2025 तक के निर्माण के मूल्यांकन और नौकरी पर बनी सहमति

कोरबा 06 जनवरी। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड दीपिका विस्तार क्षेत्र में हरदी बाजार के इलाके की जमीन को अर्जित करने के मामले में आ रही समस्याओं और लोगों की आशंकाओं का समाधान करने त्रिपक्षीय बैठक की। इस मौके पर विशेष रूप से कहां गया कि सभी प्रकार के निर्माण के मामले में 2025 की स्थिति में मूल्यांकन किया जाएगा।

इस बैठक में प्रबंधन के साथ-साथ जनप्रतिनिधि और प्रभावित होने वाला वर्ग उपस्थित रहा। कटघोरा क्षेत्र के वर्तमान विधायक प्रेमचंद पटेल और पूर्व विधायक पुरुषोत्तम लवर्स ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रबंधन से जुड़े अधिकारी और हरदी बाजार क्षेत्र के भूमि स्थापित खास तौर पर शामिल हुए। बैठक में विस्थापितों की ओर स्थाई नौकरी देने की बात की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि दूसरे विकल्प की चर्चा इस मामले में नहीं होना चाहिए और ना ही इसे स्वीकार किया जाएगा। मुआवजा को लेकर भी पारदर्शिता के सिद्धांत को अपनाने की बात की गई। किसी भी तरह से गोल-गोल रवैया नहीं अपनाने पर जोर दिया गया। अंतिम रूप से अधिकारियों ने कहा कि हरदी बाजार क्षेत्र में प्रभावित होने वाली परीसंपत्ति के मामले में 2025 तक के निर्माण को स्वीकार किया जाएगा, जो इससे पहले दूसरे वर्षों में प्रचारित किया जा रहा था। बसाहट को लेकर भी त्रिपक्षीय बैठक में विस्तार से बातचीत हुई। अधिकारियों की ओर से नवीन पुनर्वास स्थल और वहां पर दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी लोगों को अवगत कराया गया। जानकारी मिली है कि काफी सौहार्द पूर्ण वातावरण में यह बैठक की गई।

माना जा रहा है कि कोरबा जिले में चारों तरफ पावर प्लांट के बाद अब केवल कोयला खदानों का नेटवर्क मजबूती से स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। तमाम तरह से अपनी आपत्ति दर्ज करने पर भी लोगों को हासिल कुछ नहीं हो रहा है। हर स्तर की लड़ाई में नकारात्मक परिणाम सामने आने से लोगों ने लगभग स्वीकार कर लिया है कि उन्हें अपना सब कुछ कोयला खदानों के लिए समर्पित करना ही होगा। रहा सवाल हरदी बाजार का, तो वहा इस मामले में लोगों ने काफी दिनों तक संघर्ष किया। जिस प्रकार से उन पर दबाव की स्थिति रही ऐसे में उन्हें प्रदर्शन समाप्त करने के लिए आखिरकार मजबूर होना ही पड़ा। शायद इसलिए लोगों ने तय कर लिया कि अब विस्थापन ही एकमात्र रास्ता है।

Spread the word