कोरबा 31 दिसंबर। न्यू ईयर से पहले हर तरफ पुलिस सख्त नजर आ रही है। नियम कायदे बताने के साथ वाहन चालकों पर एक्शन जारी है। कटघोरा में पुलिस ने 10 चालकों पर नियम तोडने के मामले में कार्रवाई की। कहा गया कि इस अभियान में कोई भी नहीं बख्शा जाएगा।

कटघोरा में पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 10 लोगों पर चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने न सिर्फ जुर्माना लगाया, बल्कि सभी को सख्त हिदायत दी कि नए साल की रात किसी भी तरह की लापरवाही, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि 31 दिसंबर और नववर्ष के अवसर पर यदि कोई व्यक्ति हंगामा करता है, नशे में वाहन चलाता है या शांति भंग करने की कोशिश करता है, तो उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और सीधे जेल भेजा जाएगा।

इसके अलावा दोपहर के समय कटघोरा थाना परिसर में निगरानी शुदा बदमाशों, गुंडा तत्वों, डीजे संचालकों और ढाबा संचालकों की एक विशेष बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी ने सभी को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि डीजे की आवाज तय मानकों से अधिक नहीं होनी चाहिए, शराब परोसने और संचालन में नियमों का पालन अनिवार्य होगा तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या झगड़े की स्थिति में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Spread the word