R.S.S. के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत का तीन दिवसीय प्रवास पर रायपुर आगमन, भव्य स्वागत हुआ

रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख डॉ. मोहन भागवत तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद वे सीधे जागृति मंडल कार्यालय के लिए रवाना हुए। इस दौरान भागवत राज्य में संगठन की विचारधारा, सामाजिक दायित्व और युवाओं की सक्रिय भूमिका पर विस्तार से चर्चा करेंगे। मोहन भागवत का यह प्रवास तीन दिन तक चलेगा और इसमें हिंदू सम्मेलन, युवा संवाद और सामाजिक सद्भावना बैठक जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम शामिल हैं।
31 दिसंबर को हिंदू सम्मेलन
मोहन भागवत 31 दिसंबर को रायपुर जिले के अभनपुर स्थित सोनपैरी गांव में असंग देव कबीर आश्रम में आयोजित हिंदू सम्मेलन में शामिल होंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में राष्ट्रीय संत गुरुदेव असंग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा और इसमें प्रदेशभर से हिंदू समाज के लगभग 30,000 लोग शामिल होने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर विशाल डोम तैयार किया गया है। इस सम्मेलन में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।
एम्स में युवा संवाद
31 दिसंबर को हिंदू सम्मेलन से पहले, सुबह 9 से 12 बजे तक एम्स रायपुर में युवा संवाद का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में भी डॉ. मोहन भागवत उपस्थित रहेंगे। युवा संवाद में डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA), व्यापारी समेत अन्य पेशेवर वर्ग के लगभग दो हजार युवाओं को आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से RSS जनवरी में प्रदेशभर में आयोजित होने वाले युवा सम्मेलनों की शुरुआत करेगा। युवा संवाद का उद्देश्य युवाओं में संगठन की विचारधारा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित करना है।
1 जनवरी को सामाजिक सद्भावना बैठक
नए साल के पहले दिन 1 जनवरी को राम मंदिर में सामाजिक सद्भावना बैठक आयोजित की गई है। सुबह 9 से 12 बजे तक आयोजित इस बैठक में डॉ. मोहन भागवत उपस्थित रहेंगे। बैठक में प्रदेश के विभिन्न समाजों के प्रमुख और प्रतिनिधि बुलाए गए हैं। बैठक में सामाजिक विषयों, आपसी सौहार्द और राज्य में सामाजिक समरसता बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी। इस तीन दिवसीय प्रवास के दौरान मोहन भागवत धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित करेंगे। आरएसएस का उद्देश्य युवाओं और समाज के सभी वर्गों में संगठन की विचारधारा और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व को समझाना है।
अधिकारियों ने बताया कि आयोजन स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि हजारों लोगों की भीड़ के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हो सके। इस प्रवास से राज्य में RSS की सक्रियता और संगठन के उद्देश्यों को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। मोहन भागवत की उपस्थिति से यह कार्यक्रम न केवल धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि युवाओं में सकारात्मक बदलाव और सामाजिक जागरूकता फैलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
