नकली नोटों का भंडाफोड़, घर में चला रहे थे ‘फैक्ट्री’, पति-पत्नी गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने जाली नोटों के कारोबार का खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जो अपने घर में कलर प्रिंटर से नकली नोट छापकर साप्ताहिक बाजारों में खपा रहे थे। आरोपियों के पास से कुल 1 लाख 70 हजार 500 रुपये के नकली नोट और नोट छापने की मशीन बरामद की गई है।

29 दिसंबर को रानीतराई साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीद के दौरान 500 रुपये का नकली नोट चलाने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर अरुण कुमार तुरंग (50) और उसकी पत्नी राखी तुरंग (40) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल किया।

पुलिस ने आरोपियों के घर सोनपैरी (मुजगहन, रायपुर) की तलाशी में बड़ी मात्रा में जाली नोट, प्रिंटर और कागज जब्त किए। रानीतराई पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 178, 179, 180, 181 व 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।

Spread the word