जेलेंस्की – ट्रंप शांति पर सहमत, रूस ने भी दिया अच्छा का संकेत

वाशिंगटन / मास्को. अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की में हुई बातचीत का ब्योरा अब खुद जेलेंस्की और ट्रंप की जुबान और चेहरे ने बयां कर दिया है। इसके बाद आई मास्को की प्रतिक्रिया पर गौर करें तो साफ है कि तीनों पक्ष अब यह मान रहे हैं कि यूक्रेन-रूस के बीच युद्ध का अंत अब करीब है।

बैठक के बाद जेलेंस्की ने पत्रकारों को बताया कि उनका मानना है कि अमरीका और यूक्रेन संशोधित 20 सूत्री शांति योजना पर ’90 प्रतिशत सहमत’ हैं और यूक्रेन को अमरीका की सुरक्षा गारंटी पर 100 प्रतिशत सहमत हैं। जेलेंस्की के चेहरे और शब्दों के चयन से सब कुछ जाहिर हो गया। जेलेंस्की ने बताया कि जमीन और जेपोरिजिया न्यूक्लियर प्लांट पर नियंत्रण के मुद्दे पर अब भी गतिरोध बना हुआ है। लेकिन इस बयान के जरिए जेलेंस्की ने खुद मान लिया कि इस सबसे विवादित मुद्दे की अहमियत अब मात्र 10 फीसदी ही है।

इन मुद्दों पर अटकी वार्ता

▪️डोनबास से यूक्रेन के हटने के बाद इस पर नियंत्रण का स्वरूप ?

▪️जेपोरिजिया न्यूक्लियर प्लांट पर सिर्फ रूस का नियंत्रण न हो। इसमें यूक्रेन-अमरीका की भागीदारी हो।

▪️युद्धोत्तर अमरीकी सुरक्षा गारंटी 15 साल के बजाए 50 साल की हो

▪️संभावित युद्धविराम के समय और क्रम का निर्धारण।

क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने भी कहा, वे ट्रंप के शांति के दावे से सहमत हैं।

सहमति नहीं, समझौता – ट्रंप

प्रेस वार्ता के दौरान जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या यूक्रेन के भूक्षेत्र को लेकर सहमति बन गई है, तो ट्रंप ने कहा कि ‘सहमत’ शब्द इसके लिए ज्यादा होगा। ट्रंप ने आगे कहा, मैं यह नहीं कहूंगा कि ‘सहमत’ हो गए हैं, लेकिन हम समझौते के करीब पहुंच रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि समझौता 95% तैयार है।

Spread the word