ब्रेकिंग: राजनीतिक रंजिश में हुई भाजपा नेता अक्षय गर्ग की हत्या ? मुख्य हमलावर पुलिस हिरासत में 

कोरबा। कटघोरा के भाजपा नेता और जनपद सदस्य अक्षय गर्ग की धारदार चाकू व टंगिया मारकर जघन्य हत्या के मामले को सुलझाने में पुलिस ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। आईजी डॉ. संजीव शुक्ला के प्रवास और घटनास्थल का अवलोकन उपरांत उनके मार्गदर्शन में जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कटघोरा थाना के अधीन जटगा पुलिस सहायता केंद्र में कैंप लगाकर विभिन्न बिंदुओं पर मामले की पड़ताल शुरू कर दी। कप्तान के नेतृत्व में विशेष टीम को काफी अहम जानकारियां और सुराग हाथ लगे हैं। जिससे यह पूरा मामला लगभग साफ हो चुका है और राजनीतिक रंजिश की ओर अग्रसर है।
विश्वसनीय स्थानीय सूत्रों की मानें तो कुल 5 लोगों की संलिप्तता इस मामले में अब तक सामने आई है। अक्षय गर्ग पर टंगिया से हमला करने वाला मुख्य हमलावर हिरासत में लिया जा चुका है। उसके साथ जो तीन अन्य लोग वाहन में घटना स्थल पर गए थे व चाकू से हमला किया था इनकी तलाश की जा रही है। हत्या करने की साजिश रचने वाला मुख्य आरोपी भी पुलिस की हिरासत में आ चुका है। अब तक की पड़ताल में सारा मामला राजनीतिक रंजिश की ओर जा रहा है। इस वारदात में जिस वाहन का उपयोग किया गया है, वह मुख्य साजिशकर्ता के द्वारा कुछ समय पहले एक अन्य ग्रामीण से खरीदा गया था,जिसे बरामद कर लेने की खबर है। मामला लगभग पूरी तरह साफ हो चुका है जो पुलिस के लिए राहत की बात है। हालांकि,पुलिस के अधिकृत खुलासे के पूर्व कुछ कहना जल्दबाजी होगी।

Spread the word