कटघोरा वनमंडल में लोनर हाथी का बढ़ता कहर, दूसरे दिन ली महिला की जान

कोरबा 18 दिसम्बर। जिले के कटघोरा वनमंडल में सीपत रेंज से पहुंचे लोनर हाथी का आतंक छाया हुआ है। लोनर हाथी ने लगातार दूसरे दिन कहर ढाते हुए एक और महिला की जान ले ली, जिससे ग्रामीणों में काफी दहशत है और उनके द्वारा सुरक्षा की मांग की जा रही है।

जानकारी के अनुसार लोनर हाथी के द्वारा जनहानि की यह घटना आज सुबह 5 बजे के लगभग कटघोरा डिविजन के जटगा रेंज अंतर्गत ग्राम बिंझरा के चंदनपुर मोहल्ले में घटित हुई। हाथी के हमले में यहां की निवासी मीना बाई पति रामकुमार धोबी उम्र 26 वर्ष की जान चली गई। बताया जाता है कि मीना बाई और उसका पति रामकुमार सुबह दिशा मैदान के लिए बाड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक लोनर हाथी से सामना हो गया जो कि चौतमा रेंज के बाइसमर बीट होते हुए गांव के मोहल्ले में पहुंचा था। ग्रामीण दंपत्ति को देख उन्हें दौड़ाया। खतरा देख पति तो भाग निकला लेकिन महिला हाथी के जद में आ गई। उसे सूंड से उठाकर पटक दिया जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत और वन विभाग के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेने के साथ आवश्यक कार्यवाही की। मृतक के शव का पंचनामा कराने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

वहीं वन विभाग की ओर से उसके परिजनों को तत्कालिक सहायता राशि रुपए 25 हजार रुपए उपलब्ध कराई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने बताया कि अंचल में पिछले कुछ दिनों से हाथियों की लगातार आवाजाही देखी जा रही थी लेकिन ठोस रोकथाम नहीं हो पाई। ज्ञात रहे कटघोरा वनमंडल में पिछले 24 घंटे के भीतर लोनर के हमले की यह दूसरी घटना घटित हुई है जिसमें महिला की जान गई है।

Spread the word