चोरी के 36 पीस रेल्वे ट्रैक जप्त

कबाड़ चोरों को आखिर किसका संरक्षण
कोरबा 03 दिसम्बर। कोलफील्ड्स इलाके में कोयला परिवहन के लिए पिछले वर्षों में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा बिछाए गए रेलवे ट्रैक कई जगहों पर सुरक्षित नहीं रह गए हैं। कबाड़ चोरों का दुस्साहस ही कहना होगा कि रेलवे ट्रैक की चोरी शुरू हो गई है। ऐसे में अहम सवाल यह है कि आखिर कबाड़ चोरों की गैंग को संरक्षण कहां से मिल रहा है।
यद्यपि समय रहते निगरानी होने और सूचना मिलने से बांकीमोंगरा पुलिस ने 36 पीस रेलवे ट्रैक की जब्ती बना ली और उसे अपने सुपुर्द कर लिया। जानकारी के अनुसार इस प्रकरण में बल्गीखार इलाके के चर्चित कबाड़ी धरम सिंह और उसकी गैंग की भूमिका के बारे में पता चला है लेकिन धरम पकड़ से बाहर है। जानकारों का कहना है कि बांकीमोंगरा के साथ-साथ अन्य कोलफील्ड्स इलाके में संगठित अपराध करने वाले गिरोह की सक्रियता एक बार फिर से शुरू हो गई है और समय-समय पर इसके नमूने सामने आ रहे हैं। इससे पता चलता है कि अपराधियों का समूह अपने सरगना के नेतृत्व में फिर से फल-फूलने लगा है। कहा जा रहा है कि बिना किसी बड़े संरक्षण के इस प्रकार की कोशिशें परवान नहीं चढ़ सकती। इन हरकतों से कुल मिलाकर भारत सरकार की संपत्ति का नुकसान हो रहा है।
कुसमुंडा और दीपका में पकड़ा गया सामान
बीते दिनों सुरक्षा बल और पुलिस के प्रयासों से एसईसीएल कुसमुंडा और गेवरा-दीपका में डीजल के अलावा रोलर की जब्ती बनाई गई। कहा जा रहा है कि गैंग ने भीतर ही भीतर इन सामानों की उपयोगिता तय कर रखी थी लेकिन भनक लगने पर प्लान चौपट हो गया। ऐसी घटनाओं में अपराध दर्ज किए गए हैं।
