स्कूल के पास आवारा कुत्ते दिखे तो नोडल देंगे सूचना

कोरबा 21 नवम्बर। कोरबा जिले में आवारा कुत्तों से बढ़ती घटनाओं के बीच लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने एक आदेश जारी किया है। अब जिले के सभी स्कूलों में नोडल अधिकारी नियुक्त करने की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी को दी गई है। सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन पर इस काम को किया जाना है। इस दिशा में प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

जानकारी मिली है कि सार्वजनिक स्थानों के अलावा स्कूल परिसर के इर्द-गिर्द विचरण कर रहे कुत्तों अथवा उनके हमलों में प्रभावित व्यक्ति को लेकर नोडल ऑफिसर उपर सूचना देंगे ताकि डॉग कैचर और रेसक्यू टीम अगली कार्यवाही कर सके।जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन के हिसाब से डीपीआई ने आदेश जारी किया है, हमें यह प्राप्त हुआ है। इस आधार पर सभी स्कूलों में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाना है। उनकी जिम्मेदारी कुत्ते काटने से लेकर उनके मौके पर विचरण करने के आगे सूचना देने की होगी। न केवल कोरबा बल्कि बड़े स्तर पर हो रही कुत्ते काटने की घटनाओं पर संज्ञान लिया गया है। नोडल का काम नजर रखने से लेकर सूचना देने का होगा बाकी जिम्मेदारी वह एजेंसी निभाएगी जिन्हें इस तरह के कार्यों में विशेषता प्राप्त है।

Spread the word