सोनगुड़ा डकैती मामले में पांच आरोपियों से सामान बरामद

कोरबा 17 नवम्बर। सोंनगुड़ा गांव के शत्रुघ्न दास के यहां नकाबपोश डकैतों द्वारा पिछले दिनों की गई वारदात के मामले में पुलिस की जांच पड़ताल के नतीजे आ गए हैं। दावा किया गया है कि इस सिलसिले में 5 से ज्यादा आरोपियों को एक सूचना पर गिरफ्तार किया गया है। मौके से पार किया गया काफी सामान पुलिस के हाथ लगा है।
मामले की छानबीन के लिए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कई पार्टियां एक्टिव थी। उन्हें इस पूरे मामले में जांच के लिए कई क्लू दिए गए थे। इस आधार पर प्रकरण में जांच का काम जारी रहा। इस तरह के दावे किए गए की सोच से ज्यादा संबंधित लोगों को उठाकर पूछताछ की गई। इनमें कुछ आसपास के गांव के लोग भी शामिल थे और कुछ ऐसे बदमाश जो विभिन्न मामलों में जेल की हवा खा चुके हैं और कुछ दिन पहले ही वहां से जमानत पर वापस लौटे। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी में कहा गया कि शत्रुघ्न दास के घर पर नकाब पहनकर प्रवेश करने और भीतर के कुछ हिस्सों में गड़ा धन निकालने के चक्कर में अज्ञात आरोपियों ने कई चीजों से खनन कार्य कर दिया था जिससे वहां नुकसान पहुंचा। शत्रुघ्न और उसके परिजनों को बंधक बनाने के बाद हथियार की नोंक पर यहां से डेढ़ लाख रुपए नगद सहित 10 लाख के सोने चांदी के आभूषण को अपने कब्जे में लेकर आरोपी भाग खड़े हुए।
इस पूरे प्रकरण का अनुसंधान शुरू किया गया तो कुछ चौंकाने वाली जानकारी भी सामने आई और फिर इस आधार पर पुलिस ने अपनी जांच की दिशा को बदल दिया। सूत्रों के अनुसार 5 से अधिक चेहरे पुलिस के हत्थे चढ़े हैं, जिनकी भूमिका इस मामले में रही। पता चला कि इन लोगों ने अपने साथियों सहित घटना को अंजाम दिया था और भाग खड़े हुए थे। उनके कब्जे से डकैती में प्राप्त किया गया काफी सामान मिल गया है।
