खरमोरा क्षेत्र में हाउसिंग बोर्ड बनाएगा 370 आवास

कोरबा 17 नवम्बर। छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने खरमोरा क्षेत्र में आवासीय परियोजना विकसित करने का निर्णय लिया है। योजना के तहत 370 लिफ्ट युक्त आवास प्रस्तावित हैं, जो ईडब्ल्यूएस, एलआईजी और जूनियर एमआईजी श्रेणियों के परिवारों को किफायती दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे। मंडल को उक्त परियोजना क्रियान्वित करने हेतु लगभग 5 एकड़ जमीन मिली है।

जानकारी के अनुसार इस जमीन पर 6 मंजिला आधुनिक इमारते बनाई जाएगी, जिसमें लिफ्ट की भी सुविधा होगी। इसका उद्देश्य शहर के मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों को सुरक्षित और सुविधा युक्त आवास प्रदान करना है। योजना शहर के बढ़ते आवासीय दबाव को कम करने और खरमोरा को बेहतर शहरी ढांचे से जोड़ने में सहायक होगी। हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार इन मकानों की बुकिंग 22 नवंबर से रायपुर में आयोजित होने वाले आवास मेला में शुरू होगी।

कोरबा जोन के कार्यपालन अभियंता योगेश पटेल ने बताया कि यह जमीन अटल बिहारी योजना के तहत मिली है। इस प्रस्ताव को रायपुर में होने वाले मेले में रखा जाएगा। यह हाउसिंग बोर्ड की लंबे समय बाद बनाई गयी परियोजना हैं। अब तक 9 जगह पर कॉलोनियां बन चुकी है। जमीन की कमी के कारण आगे की परियोजना पर ब्रेक लग गया था।

Spread the word