स्वामी विवेकानंद व अब्दुल कलाम से प्रेरणा लें छात्रः विधायक तुलेश्वर मरकाम

कोरबा 10 नवम्बर। कोरबा जिले में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय लाफा, माखनपुर और बक्साही के राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों का विशेष शिविर भारत भवन धौराभाठा में शुरू हुआ। मुख्य अतिथि पाली-तानाखार विधायक तुुलेश्वर मरकाम थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य जी.पी. बंजारे ने की। विशिष्ट अतिथि सरपंच सुशील जगत, विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मरकाम, जनपद सदस्य मधुलता मरकाम, संगीता कोराम, सरपंच शशि लता मरावी, पंचराम जगत, विष्णु कुमार पटेल उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विधायक श्री मरकाम ने कहा कि शिविर का नशा मुक्त समाज के लिए युवा थीम है। युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए। इसके साथ ही सोशल मीडिया के समय में इसका उपयोग भी सावधानी पूर्वक करना चाहिए। हमें जीवन में आगे बढने के लिए विवेकानंद के विचार को साकार करने की जरूरत है। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की संघर्ष गाथा से हमें सीख लेनी चाहिए। कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प, असफलता से कभी हार ना मानते हुए निरंतर नई जोश और उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहना चाहिए। समाज और प्रकृति के प्रति सेवा जरूरी है।
प्राचार्य ने राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर को छात्रों के सर्वांगीण विकास का पाठशाला बताया। शिविर में रोज विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इस मौके पर सरपंच संघ पाली के अध्यक्ष छत्रपाल सिंह राज, कार्यक्रम अधिकारी हरिशंकर डिक्सेना सतीश साहू, सावित्री साहू, प्रमिला, सुनील जायसवाल, हेड मास्टर संजय कुमार, सीएससी वीरेंद्र जगत, हरप्रसाद डहरिया, अश्विनी कुमार दिनकर सुलोचना मरावी, भारती उईके, गोपाल टेकाम, प्रकाश कश्यप सहित स्वयंसेवक मौजूद रहे। विधायक श्री मरकाम ने विद्यालय परिसर में चंदन के पौधे भी लगाए। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी महावीर प्रसाद चंद्रा और आभार प्रदर्शन गोविंदराम देवांगन ने किया।
