फसल की रखवाली करने जा रहा था खेत

कोरबा 08 नवम्बर। जिले के कोरबा वनमंडल अंतर्गत करतला रेंज में हाथी-मानव द्वंद में एक युवक की मौत हो गई। वह अपने फसल की रखवाली करने खेत जा रहा था, तभी यमराज बनकर अचानक पहुंचे एक गजराज ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके प्राण पखेरू उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे गए हैं।

जानकारी के अनुसार हाथी-मानव द्वंद की यह घटना कोरबा वनमंडल के करतला रेंज अंतर्गत बोतली गांव में रात एक बजे के लगभग घटित हुई। बताया जाता है कि यहां के निवासी शिव नारायण पिता बंकट सिंह कंवर 36 वर्ष नामक युवक रात में अपने फसल की रखवाली करने खेत जा रहा था तभी उसका सामना आमाबाड़ी के पास एक विशालकाय हाथी से हो गया। हाथी ने युवक को देखते ही हमला कर दिया। हाथी के हमले में युवक की मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर मृतक के परिजनों द्वारा वन विभाग को सूचित किया गया, जिस पर उसके अधिकारी व कर्मचारी आज सुबह मौके पर पहुंचे और मृतक के शव का पंचनामा कराने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मृतक के परिजनों को विभाग की ओर से तत्कालिक सहायता राशि रूपए 25 हजार दे दी गई है।

वन प्राणियों के हमले में जन क्षति पर शासन की ओर से 6 लाख रुपए दिए जाने का प्रावधान है, सो विभाग सभी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद शेष राशि 5 लाख 75 हजार रुपए शीघ्र ही प्रदान करेगा। ज्ञात रहे करतला रेंज में 38 हाथियों का दल विगत सप्ताह से विचरण कर रहा है। हाथियों का दल अब तक पीडिया व उसके आसपास मंडरा रहा था और खेतों में पहुंचकर फसलों को लगातार नुकसान पहुंचा रहा था, लेकिन बीती रात यह दल आगे बढकर बोतली जंगल पहुंच गया और वहां डेरा डालने के बाद दल में से एक हाथी अलग होकर गांव के निकट पहुंच गया और घटना को अंजाम दे दिया। करतला रेंज में हाथी के हमले में एक माह के भीतर जन क्षति की यह दूसरी घटना है। इससे पहले रेंज के रामपुर सर्किल में हाथी ने मानसिक रूप से अस्वस्थ एक व्यक्ति की जान ले ली थी।

Spread the word