कोरबा पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी की आपस में टक्कर, भूपेश बघेल ने किया 10 यात्रियों की मौत का दावा; देखिए दुर्घटना का वीडियो

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल में आज एक भीषण रेल हादसा हो गया, जहां कोरबा पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी आपस में टकरा गईं। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की सूचना मिल रही है, उधर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 10 यात्रियों की मौत की सूचना मिलने का दावा सोशल मीडिया पोस्ट में किया है. जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं। रेस्क्यू टीम द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तेजी से किया जा रहा है। घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग भी राहत कार्य में जुटे हुए हैं।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना में अब तक दो लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है. जिन्हें उपचार के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों ने बताया कि दोनों घायलों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद बेहतर इलाज के लिए सिम्स अस्पताल रेफर किया गया है. वहीं मौके पर राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं. हालाकि अब इस मामले को लेकर सियासत भी शुरू हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 10 लोगों की मौत होने की जानकारी मिलने की बात सोशल मीडिया पर कहीं है. वहीं इस हादसे में दुख व्यक्त करते हुए रेल हादसों को लेकर सरकार पर निशाना भी साधा है.
स्थानीय प्रशासन और रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल पर राहत दल और मेडिकल टीमें तत्काल भेज दी गईं हैं. रेलवे ने बयान जारी करते हुए कहा कि सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जा रहे हैं ताकि घायलों का समुचित इलाज हो सके और यात्रियों की सुरक्षा बनाए रखी जाए.
RPF-GRP तैनात
हालांकि अनौपचारिक सूत्रों के अनुसार, इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है. जिनमें दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए उच्च स्तरीय टीम गठित कर दी गई है. प्राथमिक तौर पर संभावना जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी या सिग्नल संबंधित गड़बड़ी इसके पीछे कारण हो सकती है. घटनास्थल पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी के जवान तैनात हैं.
यात्रियों के परिजनों से अपील
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के जनसंपर्क विभाग ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और हादसे से संबंधित सभी अपडेट नियंत्रक कार्यालय से साझा किए जा रहे हैं. यात्रियों और उनके परिजनों से शांत रहने और आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा बनाए रखने की अपील की गई है. हालाकि घटना के बाद से मौके पर लोगों की भीड़ लग गई है. वहीं ट्रेन में सवार यात्रियों के परिजनों का भी बुरा हाल है.
