108 एम्बुलेंस में महिला ने दिया स्वस्थ बच्चे को जन्म

कोरबा 17 अक्टूबर। जिले के लेमरू क्षेत्र में प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक महिला ने जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाते समय 108 एम्बुलेंस में बच्चे को जन्म दिया। ईएमटी (आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन) और परिजनों की मदद से हुए इस प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। यह घटना लेमरू से लगभग 25 किलोमीटर दूर ग्राम गढकटरा मेन रोड की है।

जानकारी के अनुसार लेमरू निवासी राजेंद्र कुमार की 30 वर्षीय पत्नी नईहारो बाई को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और नईहारो बाई को लेकर जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रवाना हुई। रास्ते में ग्राम गढकटरा मेन रोड पर नईहारो बाई का दर्द अचानक बढ़ गया। एम्बुलेंस में मौजूद ईएमटी रामेश्वरी कंवर और ड्राइवर कोमल ने वाहन को किनारे रोका। उन्होंने परिजनों के सहयोग से एम्बुलेंस के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराया।

नईहारो बाई ने एक स्वस्थ लडके को जन्म दिया। सफल प्रसव के बाद मां और नवजात को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। परिजनों ने बताया कि यह उनका तीसरा बच्चा है। इससे पहले उनके एक लडका और एक लडकी हैं। परिजनों ने इस आपातकालीन स्थिति में मदद करने के लिए ईएमटी रामेश्वरी कंवर और चालक कोमल का आभार व्यक्त किया। ईएमटी रामेश्वरी कंवर ने बताया कि प्रसूता की हालत ऐसी थी कि उसे जिला मेडिकल कॉलेज तक ले जाना मुश्किल हो रहा था। परिजनों की सहमति से रास्ते में ही प्रसव कराने का निर्णय लिया गया।

Spread the word