27 इंची तलवार से केक काटने व दहशत फैलाने वाले बर्थ-डे ब्वॉय को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

कोरबा 12 अक्टूबर। आधी रात बर्थ-डे का केक सार्वजनिक स्थान पर 27 इंची तलवार से काटने और लहरा कर दहशत फैलाने वाले बर्थ-डे ब्वॉय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
चौकी सीएसईबी में पदस्थ प्रधान आरक्षक को 9-10 अक्टूबर की रात 12.05 बजे सूचना मिली कि बुधवारी बाजार में सब्जी मण्डी के पास कुछ लोग आम जगह मेन रोड में एकत्र होकर जन्मदिन की पार्टी मना रहे हैं तथा एक व्यक्ति तलवार लेकर केक काट रहा है व तलवार लहराकर घूम रहा है जिससे मोहल्ले में काफी भय का माहौल हो गया है।
सूचना पर हमराह स्टाफ के बुधवारी बाजार सब्जी मण्डी के पास दबिश दी जहाँ कुछ लोग आम जगह पर जन्मदिन की पार्टी मनाते दिखे। घेराबंदी कर आम स्थान पर धारदार तलवार लहराते व्यक्ति समीर जगत पिता मनोज जगत 20 वर्ष निवासी बुधवारी बाजार सब्जी मण्डी के पीछे, को पकड़ कर कब्जे से पुराना इस्तेमाली धारदार तलवार कुल लंबाई 32 इंच में मूठ की लंबाई 05 इंच, तलवार के फल की लंबाई 27 इंच एवं तलवार के फल की चौड़ाई 1.5 इंच को जप्त किया गया।
तलवार के सम्बन्ध में कोई वैध दस्तावेज, लायसेंस नहीं होना बताया गया। सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र में शासन की ओर से प्रधान आरक्षक 286 गोविंद की रिपोर्ट पर समीर जगत के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।
