अवैध रूप से राखड़ डंपिंग, भारतीय युवा कांग्रेस ने शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की

कोरबा 07 अक्टूबर। तहसील पोड़ी-उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ी उपरोड़ा में शंकर ट्रांसपोर्ट द्वारा अवैध रूप से राखड़ डंपिंग किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भारतीय युवा कांग्रेस के विधानसभा पाली-तानाखार अध्यक्ष अंकित सिंह पाल ने अनुविभागीय अधिकारी पोड़ी उपरोड़ा को शिकायत पत्र सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि ग्राम पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के चीर घर और टोनी ढाबा के समीप शंकर ट्रांसपोर्ट द्वारा नियमों को दरकिनार कर राखड़ डंप किया जा रहा है। डंपिंग स्थल के पास ही नाला है, जिसका पानी ग्रामीण दैनिक उपयोग में लाते हैं। ऐसे में राखड़ गिरने से जलस्रोत दूषित होने का खतरा है। वहीं राखड़ उड़ने से क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा है और राखड़ सड़क (छभ्-130) पर फैलने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। अंकित सिंह पाल ने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर राखड़ डंपिंग पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया और संबंधित परिवहनकर्ता के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो भारतीय युवा कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
