त्योहारी सीजन में कोरबा पुलिस की खुल गई पोल.. रोड किनारे रखे खम्बे और शटरिंग प्लेट ले उड़े चोर, सुरक्षा व्यवस्था पर लगा प्रश्न चिन्ह

कोरबा 01 अक्टूबर। त्योहारी सीजन में कोरबा पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था की चोरों ने पोल खोल दी। सड़क किनारे रखे विद्युत के खम्बों को बेखौफ होकर काटा और उन्हें इत्मीनान से पिकअप में लोड कर चलते बने। साथ ही निकट चल रहे निर्माण कार्य की शटरिंग प्लेटों पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया। इस दौरान कुछ मजदूरों ने छुपकर चोरी का वीडियो बना लिया जिसके सोशल मीडिया में वायरल होने के पश्चात अब लोग कोरबा पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

घटना बीते रविवार रात सोनालिया चौक से दर्री रोड तिराहा जाने वाली सड़क में स्थित विद्युत सब स्टेशन व निर्माणाधीन मल्टी लेवल पार्किंग की है। वर्तमान में सालों से बंद पड़े मल्टी लेवल पार्किंग को पूर्ण करने हेतु निर्माण कार्य चल रहा है जिस कारण निर्माण कार्य से संबंधित शटरिंग प्लेट व सामग्री सड़क किनारे रखी हुई थी। साथ ही बगल में स्थित विद्युत सब स्टेशन के सामने कुछ लोहे के खम्बे भी पड़े हुए थे। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है की कुछ लोग पिकअप में घटनास्थल पहुंचे और सड़क किनारे रखे खम्बों को बेखौफ होकर काटने लगे। इस दौरान सड़क में वाहनों का आना-जाना लगा रहा परंतु चोर निश्चिंत होकर अपनी करतूत को अंजाम देते रहे। कुछ देर बाद जब खम्बों को काटने का कार्य पूर्ण हो गया तो उसे अपनी पिकअप पर लोड कर लिया। चोरो ने खम्बों के साथ साथ पास में पड़ी शटरिंग प्लेटों और प्लाई पर भी हाथ साफ कर दिया और अपनी पिकअप में लोड कर मंजिल की ओर निकल पड़े। इस दौरान निर्माण स्थल में सो रहे कुछ मजदूरों ने छुपकर पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया जो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

कोरबा पुलिस के दावों पर लगा प्रश्न चिन्ह

इस घटना ने कोरबा पुलिस के दावों पर प्रश्न चिन्ह लगा दिया है। उक्त स्थान से चोरी कि यह पहली घटना नहीं है। कुछ माह पहले वहीं खड़ी एक मिक्सर मशीन को कबाड़ियों द्वारा दिनदहाड़े खींचकर ले जाया जा रहा था। इस दौरान मिक्सर मशीन के मालिक की अपनी मशीन पर नजर पड़ी तो हड़बड़ा कर उसने पीछा किया और मशीन को रोका। इसके अलावा सोनालिया फाटक जाने वाले मार्ग में नगर निगम द्वारा बनाए गए गार्डन के भारी भरकम रेलिंग को भी अज्ञात लोग काट कर ले गए परंतु आज दिनांक तक उनका पता नहीं चल सका। नगर निगम द्वारा कराए गए सौंदर्यीकरण का लोहा भी चोरी होकर आखिर कहीं ना कहीं किसी न किसी कबाड़ी के पास तो बेचा ही गया होगा! ट्रांसपोर्ट नगर चौक से लेकर शारदा विहार तिराहा तक निगम द्वारा कराए गए सौंदर्यीकरण की रेलिंग से भी लोहा चोरी कर आसपास के क्षेत्र के कबाड़ी के पास बेचकर नशाखोरों ने नशा कर लिया। रेलिंग से लोहे की चोरी अभी भी चल रही है लेकिन सरकारी संपत्ति को चुराने वाले-खरीदने वाले पुलिस की पकड़ से दूर हैं।

एक बात तो साफ है कि उक्त घटनाक्रमों ने कोरबा पुलिस के कबाड़ का धंधा बंद होने के दावों को खोखला साबित कर दिया है। जिले के विभिन्न थाना व चौकी प्रभारी छोटी-मोटी कार्यवाही कर फोटो सेशन करके वाह – वाही लूटने में और कप्तान को खुश करने में लगे हैं, वहीं दूसरी ओर ऐसी घटनाओं ने पुलिसिंग की पोल खोल जमीनी हकीकत उजागर कर दी है। इस वारदात ने कबाड़ियों और कबाड़ चोरों, लोहा चोरों के मन से पुलिस और कानून का भय खत्म हो जाने की पुष्टि कर दी है। अब देखना होगा कि इस तरह से सरेआम खम्बा काटकर चुराने वाले कब पकड़ में आते हैं और इनका नेटवर्क पुलिस ध्वस्त भी कर पाती है या फिर एकाध कार्रवाई कर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।

जांच जारी, होगी कार्यवाही : नगर कोतवाल

नगर कोतवाल मोती पटेल ने बताया कि सुनालिया पुल के पास सब स्टेशन के सामने विद्युत पोल चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होते ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the word