सितंबर में उपभोक्ताओं को मिल रहा बढ़ा हुआ बिजली बिल-नाराजगी

कोरबा 20 सितंबर। हाफ बिजली बिल योजना की यूनिट को कम करने के बाद विभाग की ओर से सितंबर माह का बिजली बिल उपभोक्ताओं को दिया जा रहा है। बिल में राशि देखकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है।
सितंबर माह में बिजली बिल में भारी-भरकम बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं को झटका लग रहा है। उपभोक्ताओं में इसे लेकर नाराजगी है। उपभोक्ताओं का कहना है कि सितंबर में उपभोक्ताओं को दिए गए बिजली बिल में दो से तीन गुना बढ़ोतरी कर दिया गया है। इससे घरों का बजट बिगड़ गया है।उपभोक्ताओं का कहना है एक राज्य सरकार महतारी वंदना योजना के तहत 1000 दिए जा रहे है, उसे मूल ब्याज सहित उपभोक्ताओं से बिजली बिल में वसूला जा रहा है। एक ओर मंहगाई की मार आमजनों, की कमर तोड़ रही है। अब हाफ बिजली बिल के यूनिट में कटौती से गरीब वर्ग यानी मजदूरी कर जीवन यापन करने वाले परिवार के लिए मुश्किलें बढ़ गई है। 500 से 700 तक आने वाले बिजली बिल हजार से 1500 तक आने से उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है।
ग्रामीण अध्यक्ष जिला कांग्रेस मनोज चौहान ने कहा की बिजली बिल में बढ़ोतरी कर आमजनों के जेब में डाका डाला जा रहा है। एक ओर आमजन मंहगाई की मार झेल रहे है तो वहीं सरकार बिजली बिल में दो से तीन गुना बढ़ोतरी किये जाने से घरों की बजट बिगड़ गया। पूर्व पार्षद हीरालाल यादव ने कहा की उपभोक्ताओं को पहले 400 यूनिट बिजली खपत पर हाफ योजना दिया जा रहा था, परंतु अब 100 यूनिट तक खपत पर योजना का लाभ दिया जा रहा है। इससे अधिक खपत करने पर पूरा बिल देना पड़ रहा है। इससे योजना का लाभ मिलना संभव नहीं है।
