करैत ने डराया ट्रैफिक स्टाफ को, जितेंद्र ने किया रेस्क्यू

कोरबा 15 सितंबर। कोरबा के रामपुर क्षेत्र स्थित ट्रैफिक पुलिस थाना में जहरीले करैत के द्वारा एक छोटे चूहे का शिकार किया जा रहा था। एक सिपाही की नजर उस पर पड़ी । दूसरे कर्मियों का डरना इस वजह से स्वाभाविक था। वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम तक इस बारे में सूचना पहुंचाई गई। कुछ देर के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन सफल रहा।

करैत अपने विशेष स्वभाव के कारण बेहद खतरनाक माना जाता है। यह अक्सर बिस्तर या आराम की जगह में घुसकर काटने की घटनाओं के लिए कुख्यात है। मौके की गंभीरता को देखते हुए तुरंत रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी को बुलाया गया। जितेंद्र सारथी ने तत्परता और साहस दिखाते हुए सांप को सुरक्षित पकड़ा और जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया। उनकी सूझबूझ से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। उपस्थित कर्मचारियों ने राहत की सांस ली और उनके कार्य की सराहना की। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी जहरीले या अन्य सांप को देखकर न मारें और न छेड़छाड़ करें। ऐसे हालात में तुरंत रेस्क्यू टीम या डायल 112 को सूचना दें।

Spread the word