नवजात शावक को लेकर हाथियों का दल पहुंचा उड़ानबहरा

कोरबा 11 सितंबर। कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का वातावरण बना हुआ है। बीती रात रेंज के लालपुर सर्किल में विचरण कर रहे 26 हाथियों का दल नवजात शावक को लेकर कोरबी सर्किल के उड़ानबहरा (खुर्रूपारा) पहुंच गए हैं।

हाथियों के दल ने यहां पहुंचने से पहले रास्ते में उत्पात मचाते हुए 17 ग्रामीणों के धान की फसल को तहस-नहस कर दिया जिससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। हाथियों के दल के उड़ानबहरा पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया है तथा नवजात शावक एवं उसकी मां मादा हाथी की निगरानी कर रहा है।

26 हाथियों के दल में शामिल एक गर्भवती हथनी ने मंगलवार की शाम को सखोदा जंगल में नन्हे शावक को जन्म दिया था। हाथियों का दल शावक को जन्म देने वाली हथनी व नवजात की सुरक्षा के लिए रातभर जंगल में डटा रहा लेकिन सुबह होने से पहले उसे लेकर लालपुर क्षेत्र में पहुंच गया था। दिन भर यहां विश्राम करने के बाद कल रात में हाथियों के दल ने फिर मुवमेंट किया और मादा हाथी तथा नवजात शावक को अपने साथ लेकर कोरबी सर्किल में प्रवेश करने के बाद उड़ानबहरा (खुर्रूपारा) पहुंचते ही जंगल में डेरा डाल दिया। हाथियों का दल वर्तमान में इसी स्थान पर मौजूद है। हालांकि नवजात शावक व उसकी मां स्वस्थ व तंदूस्त है। बावजूद इसके वन विभाग की टीम लगातार निगरानी में लगी हुई है।

याद रहे एक पखवाड़े पूर्व कोरबा वनमंडल के पसरखेत रेंज में भी एक हथनी ने शावक को जन्म दिया है लेकिन जन्म के तत्काल बाद उसकी निमोनिया बीमारी से ग्रसित हो जाने पर मौत हो गई थी। इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके मद्देनजर वन विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है।

Spread the word