हाथियों के दल में आया नया मेहमान, संख्या बढकर हुई 66

कोरबा 10 सितंबर। जिले के कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में हाथियों की संख्या बढकर 66 हो गई है। हाथियों के दल में कल एक नया मेहमान आया है। दल में शामिल एक गर्भवती हथनी ने केंदई रेंज के सखोदा सर्किल में शाम को एक स्वस्थ शावक को जन्म दिया।

हाथियों का दल इस दौरान यहां काफी देर तक ठहरा रहा। मादा हाथी के बच्चा देने की जानकारी मिलने पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और निगरानी करता रहा। आज सुबह होने से पहले हाथियों का यह दल नन्हे शावक को लेकर लालपुर सर्किल के जंगल में पहुंचने के साथ डेरा डाल दिया है। हाथियों के दल ने यहां आने से पहले रास्ते में पांच से अधिक किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाया है। नए मेहमान के आने से लालपुर क्षेत्र में हाथियों की संख्या 27 हो गई है इससे पहले 26 हाथी सखोदा व लालपुर में विचरण कर रहे थे।

केंदई रेंज के मदनपुर में 12, कापानवापारा में 11 तथा कोरबी सर्किल के खडफड़ीपारा में 16 हाथी लगातार घूम रहे हैं जो दिन भर जंगल में रहने के बाद शाम होते ही वहां से निकलकर खेतों में पहुंचते हैं और रात भर उत्पात मचाते हैं। हाथियों के दल ने बीती रात भी उपरोक्त स्थानों पर उत्पात मचाते हुए एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों के फसल को तहस-नहस किया है।

Spread the word