मेरठ के अस्पताल में डॉक्टर्स रूम के AC में लगी आग, फिर धमाके से फट गया; मची अफरा-तफरी

मेरठ। जिला महिला चिकित्सालय डफरिन में मंगलवार शाम अचानक डाक्टर्स रूम में शार्ट सर्किट से एसी में आग लग गई।इसके बाद धमाके से वह फट गया। इससे अफरा-तफरी मच गई। मौजूद डाक्टरों ने भागकर जान बचाई। एसी जलने से अस्पताल में धुआं फैल गया। इससे मरीज व तीमारदार सहम गए।

आपात कालीन विभाग में भर्ती मरीजों को यहां से एहतियातन हटाकर नीचे रैन बसेरा में शिफ्ट कर दिया गया। विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। अस्पताल कर्मचारी व फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी ने आग बुझाई। इससे दो घंटे से ज्यादा तक अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा। आग में किसी झुलसने की खबर नहीं है। जिला महिला अस्पताल के मैट्रन राजबीर सिंह ने बताया, मंगलवार शाम लगभग 7 बजे अस्पताल के भूतल पर बने डाक्टर्स रूम नंबर-14 में बिजली बोर्ड में अचानक चिंगारी उठी। इसके बाद तार जलने लगे और रूम में लगे एसी में आग लग गई।

कुछ देर में ही एसी से आग की लपटे उठने लगी।उन्होंने बताया, डाक्टर्स रूम उस समय बंद था। जबकि मरीजों का कहना था, उस समय रूम में कुछ डाक्टर्स व नर्सिंग स्टाफ था। धुआं पूरे भूतल पर फैल गया। डाक्टर्स रूम से सटे दांयी ओर प्री व पोस्ट आपरेटिव वार्ड बंद था। उसके बरामर आपातकालीन विभाग में सात महिला मरीज डिलीवरी के लिए भर्ती थी। धुआं फैलते अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। प्रथम तल तक धुआं पहुंचा तो वहां भर्ती मरीज भी सहम गए। इस समय जिला अस्पताल में 60 महिला मरीज भर्ती है। मरीजों व तीमारदारों को तत्काल नर्सिग स्टाफ ने भूतल से हटाकर मुख्य गेट के पास बने रैन बसेरा में शिफ्ट किया गया। इसके बाद कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। फायर ब्रिगेड व देहली गेट थाना पुलिस को भी सूचना दी गई। डाक्टर्स रूम के बेड पर पड़े गद्दे जल गए। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी ने आकर आग पर काबू पाया। मैट्रन राजबीर सिंह ने बताया, घटना के समय सीएमएस डा. मीनाक्षी सिंह अस्पताल में मौजूद नहीं थी। सर्जन डा. शशी सिंह अस्पताल में थी। आग लगने से किसी मरीज, डाक्टर व कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। केवल एसी का जला है।

Spread the word