‘ये संदेश हमारे लिए…’, ट्रंप के बदलते बोल पर शशि थरूर ने दी सावधानी बरतने की सलाह

नई दिल्ली। भारत-अमेरिका संबंधों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दिए जवाब पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रविवार को कहा कि पीएम मोदी ने तुरंत जवाब दिया, लेकिन दोनों देशों की सरकारों और राजनयिकों को इस संबंध में कुछ गंभीर सुधार करने की आवश्यकता है।

थरूर ने कहा, “प्रधानमंत्री ने तुरंत जवाब दिया और विदेश मंत्री ने भी इस बात पर जोर दिया कि हमारा मूल संबंध, यानी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी अभी भी कायम है और यह संदेश हमारे लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है।”

सावधानी के साथ स्वागत करना है’

उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि दोनों देशों की सरकारों और राजनयिकों को इस संबंध को सुधारने के लिए कुछ गंभीर कदम उठाने होंगे। मैं इस नए रुख का सावधानी के साथ स्वागत करता हूं। हम इतनी जल्दी भूल-माफ नहीं कर सकते क्योंकि भारतीयों को जमीनी स्तर पर कई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है और इन मुश्किलों से निपटना होगा।”

‘नहीं भुलाया जा सकता भारतीयों का अपमान’

इस ‘नए रुख’ का सावधानीपूर्वक स्वागत करते हुए थरूर ने कहा कि भारतीयों को ट्रंप की वजह से जो तकलीफ और अपमान सहना पड़ा उसे देखते हुए इस घटना को इतनी जल्दी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आगे कहा कि ट्रंप के थोपे गए टैरिफ का लोगों पर असर हुआ, जिसे पूरी तरह भुलाया नहीं जा सकता।

Spread the word