Colon Cancer Vaccine: कोलन कैंसर को मात देगी रूसी वैक्सीन, टीका इस्तेमाल के लिए तैयार

नई दिल्ली। कैंसर, एक ऐसी घातक बीमारी जिसका नाम सुनते ही मन किसी अनहोनी के खौफ से भर जाता है। मगर, अब रूस की संघीय चिकित्सा एवं जैविक एजेंसी (एफएमबीए) का दावा ‘डर के आगे जीत है’ वाली कहावत को चरितार्थ करता प्रतीत होता है। यूं तो कैंसर के कई प्रकार हैं, मगर एफएमबीए की प्रमुख वेरोनिका स्क्वोत्र्सोवा ने कहा है कि कोलोन कैंसर के टीके ने प्रीक्लिनिकल परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। परीक्षण के दौरान सुरक्षा और प्रभाव दोनों की दृष्टि से इसके प्रदर्शन के मद्देनजर कोलन कैंसर के लिए रूसी टीका अब इस्तेमाल के लिए पूरी तरह से तैयार है।
कोलन कैंसर को कोलोरेक्टल कैंसर भी कहा जाता है। यह कोलन (बड़ी आंत) के ऊतकों में शुरू होने वाला एक प्रकार का कैंसर है। यह तब होता है जब कोलन की कोशिकाएं अनियंत्रित रूप से बढ़ने और विभाजित होने लगती हैं, जिससे कोलन के अंदर पालीप्स (गांठें) बनती हैं जो समय के साथ कैंसरग्रस्त हो जाती हैं। इसके लक्षणों में मल में रक्त आना या मल त्याग की आदतों में बदलाव शामिल हो सकते हैं।
इस्तेमाल के लिए है तैयार
अब अनुमोदन का इंतजार रूस की अग्रणी न्यूज एजेंसी ‘तास’ की रिपोर्ट के अनुसार, ईस्टर्न इकनामिक फोरम (ईईएफ) में स्कवोत्र्सोवा ने कहा, ”यह शोध कई वर्षों तक चला, जिसमें से पिछले तीन वर्ष अनिवार्य प्रीक्लिनिकल अध्ययनों के लिए समर्पित थे। यह टीका अब इस्तेमाल के लिए तैयार है। हम आधिकारिक अनुमोदन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।”
