राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शताब्दी वर्ष की तैयारी हुई तेज

कोरबा । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष (2025) की तैयारियों के अंतर्गत जिले के 612 ग्रामों में मंडल स्तर पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में विकासखंड कटघोरा के जवाली मंडल के 13 गाँवों के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।

उल्लेखनीय है कि ग्राम में यह बैठक 1994 से लेकर अब तक 10वीं बार आयोजित हुई। बैठक का प्रारंभ खंड कार्यवाह श्याम सिंह द्वारा राष्ट्रभक्ति गीत से किया गया। इसके बाद संघ की स्थापना, उद्देश्य और वर्तमान गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा हुई। बताया गया कि संघ की स्थापना वर्ष 1925 में विजयदशमी के दिन डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार और कुछ स्वयंसेवकों द्वारा महाराष्ट्र में की गई थी। स्थापना काल से ही संघ का ध्येय समाज का सर्वांगीण विकास और राष्ट्र सर्वोपरि मानकर सेवा भाव से कार्य करना रहा है। खंड व्यवस्था प्रमुख लोकेश साहू ने जानकारी दी कि संघ वर्ष भर में छह प्रमुख पर्व मनाता है, जिसमे विजयादशमी पर्व, मकर संक्रांति एवं अन्य दान पर्व, हिंदू नववर्ष (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा), शिवाजी हिंदू साम्राज्य दिवस, गुरु पूर्णिमा (समर्पण दिवस), रक्षाबंधन पर्व आदि सम्मलित हैं। उन्होंने बताया कि शताब्दी पर्व के अंतर्गत इस वर्ष विजयादशमी (25 सितंबर से 15 अक्टूबर) विशेष रूप से मनाई जाएगी। इसके लिए प्रत्येक मंडल में पथ संचलन कर ग्रामवासियों तक संघ के विचार पहुंचाने की योजना है।

वर्तमान में देशभर में लगभग 6000 शाखाएँ सक्रिय हैं, वहीं कटघोरा खंड में 12 मंडल कार्यरत हैं, जिनमें प्रत्येक मंडल में 50 से अधिक स्वयंसेवक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।प्रांत प्रचारक अभयराम ने 3 सितंबर को अपने प्रवास के दौरान जय गर्ग निवास (गोपाल पेट्रोल पंप के सामने) में बताया कि संघ परिवार 2 नवंबर से 2 दिसंबर तक घर-घर संपर्क अभियान चलाएगा, जिसे विश्व का सबसे बड़ा संपर्क अभियान माना जा रहा है। इसके अलावा 15 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक हिंदू सम्मेलन आयोजित होंगे, जिनमें पथ संचलन, सामाजिक सद्भाव बैठक, युवा कार्यक्रम और शाखा विस्तार प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे। इसी क्रम में 5 सितंबर से ढेलवाडीह स्थित गुरुकुल विद्यालय में तीन दिवसीय प्रारंभिक वर्ग प्रशिक्षण का आयोजन भी होगा, जिसमें 14 वर्ष से अधिक आयु के स्वयंसेवक शामिल होंगे। बैठक में 6 ग्रामो के प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से शुक्रदास, ईश्वर प्रसाद बघेल, संजय कुमार, हर्ष चौहान, शिवरतन, अंजोर साय पटेल, गुलाब दास, हरीश कश्यप, वीरेंद्र नामदेव, महेंद्र कुमार यादव, वीरेंद्र पाल सिंह, श्रवण कुमार तंवर, दीपक पटेल सहित खंड कार्यवाह श्याम सिंह और खंड व्यवस्था प्रमुख लोकेश साहू शामिल थे। बैठक का समापन शांति पाठ के साथ किया गया।

Spread the word