मंत्री लखन देवांगन का पोस्टर फाड़ा, युवक के खिलाफ पुलिस में अपराध दर्ज, तलाश प्रारंभ

मंत्री लखन देवांगन का पोस्टर फाड़ा, युवक के खिलाफ पुलिस में अपराध दर्ज

कोरबा। प्रदेश के उद्योग मंत्री और विधायक कोरबा लखनलाल देवांगन और भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री विकास महतो के बैनर पोस्टर को फाड़ने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।

नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का ने बताया कि सोमवार को एक युवक ने सी एस ई बी चौक में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के फोटो लगे बोर्ड, पोस्टर और बेनर में तोड़फोड़ की और उन्हें मौके से हटा दिया। इसी तरह एक अन्य भाजपा नेता विकास महतो के सड़क पर बिजली के स्तम्भ में लगे अनेक पोस्टर में तोड़फोड़ किया। ये बोर्ड और पोस्टर मंत्री को वाणिज्य कर विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपने और विकास महतो के जन्म दिन पर दिए गए बधाई संदेश से सम्बंधित थे।

युवक जब शहर के मुख्य मार्ग के व्यस्त चौराहे में मंत्री और भाजपा नेता के पोस्टर में तोड़फोड़ कर रहा था, तब कुछ राहगीरों ने उसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि इस तोड़फोड़ के दौरान कुछ भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए थे। उनका युवक से विवाद हो गया, जिसके बाद उन्होंने कथित रूप से युवक की जमकर पिटाई कर दी। भाजपा कार्यकर्ताओं की चंगुल से किसी तरह बचकर युवक मौके से भागने में सफल रहा।

इस घटना के बाद भाजपा के एक सौ से अधिक कार्यकर्ताओं ने सी एस ई बी पुलिस चौकी में देर तक हंगामा और प्रदर्शन किया। दरअसल, जिस चौराहे में मंत्री के बोर्ड और पोस्टर में तोड़फोड़ की गई, वह सी एस ई बी पुलिस चौकी के ठीक सामने है। भाजपा कार्यकर्ताओं में पुलिस पोस्ट के ठीक सामने मंत्री के बोर्ड और पोस्टर को बे-रोकटोक तोड़ने को लेकर रोष था। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का और सिटी कोतवाली टी आई एम बी पटेल ने मौके पर पहुंच के प्रदर्शन को खत्म कराया।

नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का ने बताया कि सी एस ई बी चौकी में बुधवारी निवासी श्याम कुमार साहू ने लिखित रिपोर्ट की है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई और रोड में लगे पोस्टर को तोड़ने, क्षतिग्रस्त करने की शिकायत की है, जिस पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351 (2) और 324 (2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। अज्ञात आरोपी की पता तलाश की जा रही है।

Spread the word