पत्नी के रहते प्रेमिका को घर ले आया पति

पति, सास और ननद के खिलाफ अपराध दर्ज, विवेचना जारी

कोरबा 30 अगस्त। पत्नी के रहते पति ने किसी गैर से नजदीकी बढ़ा ली। उसने प्रेमिका के चलते पत्नी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। वह शादी के तीन साल बाद पत्नी पर पांच लाख रूपए लाने के दबाव बनाने लगा। उसके इस कृत्य में सास व ननद भी साथ देने लगी। इसे पीड़िता बर्दाश्त नही कर सकी। उसने न्याय के लिए परिवार परामर्श केंद्र का सहारा लिया, लेकिन बात नहीं बनी। पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज करा दी।

बालको थाना क्षेत्र में विवाहिता अपने एक वर्षीय पुत्र के साथ निवास करती है। उसने बालको थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है । जिसके मुताबिक पीड़िता का विवाह वर्ष 2019 में सिविल लाइन थानांतर्गत आरपी नगर फेस 2 निवासी राहुल सिंह बुंदेला से हुआ था। पति पत्नी के बीच तीन साल तक सबकुछ ठीक चल रहा था। वर्ष 2022 में पति किसी और के संपर्क में आया। इसके बाद उसने पत्नी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। वह सास ससुर द्वारा कम दहेज देने की बात पर उलाहना देने लगा।

प्रताड़ना का दौर वर्ष 2024 में ससुर की मौत के बाद बढ़ गया। राहुल ने पत्नी को पांच लाख रूपए, लाने दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी विवाहिता ने परिजनों को दी। उन्होंने राहुल को समझाइश देने का प्रयास भी किया, लेकिन उस पर कोई असर नही पड़ा। हद तो तब हो गई, जब पिता की मौत के तीन माह बाद राहुल प्रेमिका को घर ले आया। पत्नी के रहते हुए वह प्रेमिका के साथ घर में ही रहने लगा। बहू को प्रताड़ित करने में सास व ननद भी साथ देते रहे।

Spread the word