SECL का हत्याकांड का आरोपी प्रबंधक फरार, पाली थाना पुलिस नहीं कर पा रही है उसे गिरफ्तार

कोरबा। कोरबा जिलान्तर्गत सरायपाली कोल माइंस में हुए सनसनीखेज मर्डर केस का एक आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। बताया जा रहा हैं की वह ड्यूटी से अचानक छुट्टी लेकर फरारी काट रहा है और पुलिस को चकमा देने के लिए जगह-जगह ठिकाना बदल रहा है।


कोल लिफ्टर की हत्या के मामले में न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद उस पर हत्या में शामिल होने का आरोप तय हुआ। लेकिन आदेश के 23 दिन बाद भी पाली पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई। न्यायालय की सख्ती और जनता की नाराजगी के बावजूद पुलिस की यह नाकामी उसकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। उसको धारा 120B, 34(2), 190, 191, 193, 194 भारतीय दंड संहिता तथा BNS की धारा 23-27 के तहत गिरफ्तार करने का आदेश न्यायालय के द्वारा दिया गया है। न्यायालय ने साफ कहा है कि अब कथित आरोपी को हर हाल में गिरफ्तार कर पेश किया जाए।

आपको बता दें कि पाली के कॉल लिफ्टर की हत्या के मामले में एस ई सी एल सराईपाली कोयला खदान के सब एरिया मैनेजर सुरेन्द्र कुमार चौहान भी आरोपी है। एफ आई आर के बाद चौहान की भूमिका उजागर हुई तो प्रबंधन ने पहले उनका कुसमुंडा तबादला कर दिया और बाद में उन्हें सोहागपुर एरिया भेज दिया गया। प्रबंधन की मंशा उन्हें बचाने की रही हो तो कोई आश्चर्य नहीं। दूसरी ओर पुलिस ने मामले की डायरी कोर्ट में पेश की तो उसमें चौहान का नाम गायब था। यानी, पुलिस ने भी उन्हें बचाने की कोशिश की। लेकिन कोर्ट ने न केवल चौहान का नाम हत्याकांड में जोड़ दिया बल्कि उनके खिलाफ वारंट भी जारी कर दिया। लेकिन पुलिस अभी भी उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पा रही है।

आम लोगों का कहना है कि छोटे-मोटे मामलों में पुलिस चौबीस घंटे में आरोपी को पकड़ लेती है, लेकिन रसूखदारों के सामने उसके हाथ-पैर फूल जाते हैं। उनकी गिरफ्तारी में हो रही ढिलाई अब पाली पुलिस की छवि को दागदार बना रही है और स्थानीय जनता खुलकर नाराजगी जता रही है।

Spread the word