बड़बोला ट्रंप: भारत- पाकिस्तान युद्ध रुकवाने का फिर किया दावा

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ‘बड़बोलापन’ दिखाया है। ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के बाद हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध (India-Pakistan War) को एक बार फिर रुकवाने का श्रेय अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिया है। ट्रंप ने कहा कि भारत-पाकिस्तान युद्ध में 7 फाइटर जेट गिरे थे। हालांकि उन्होंने एक बार यह नहीं कहा कि ये फाइटर जेट किस देश के थे। वहीं उन्होंने कहा कि मैंने 7 युद्ध रुकवाए, इनमें 4 टैरिफ की धमकी देकर रुकवाए हैं। इनमें भारत और पाकिस्तान के बीच का संघर्ष भी शामिल है।
ट्रम्प ने भारत-पाकिस्तान जंग के बीच 7 फाइटर जेट गिराने का दावा भी किया। ये उनके 19 जुलाई के 5 फाइटर जेट गिराने के दावे से ज्यादा है। हालांकि, उन्होंने इस बार भी साफ नहीं किया कि ये किसके जेट थे।
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने ट्रिलियन डॉलर की कमाई टैरिफ से की और इसी रणनीति से युद्ध भी रोके। ट्रम्प से पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा था कि भारत पर लगाए सेकेंडरी टैरिफ भी वॉशिंगटन की उसी रणनीति का हिस्सा हैं। कार्यक्रम ‘मीट द प्रेस’ से बात करते हुए वेंस ने कहा कि ट्रम्प प्रशासन भारत पर टैरिफ लगाने सहित दूसरे उपायों के जरिए रूस के लिए अपनी तेल अर्थव्यवस्था से लाभ कमाना कठिन बना रहा है। वेंस ने कहा कि अमेरिका के पास अभी भी ‘बहुत सारे पत्ते खेलने बाकी हैं’ और इस बात पर जोर दिया कि ट्रम्प प्रशासन ने पहले ही पिछली सरकारों की तुलना में रूस पर ज्यादा आर्थिक दबाव डाला है।
रूसी तेल खरीदने से भारत पर एक्स्ट्रा 25% टैरिफ
बता दें कि ट्रंप ने रूसी तेल खरीदने की वजह से भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाया है, जो 27 अगस्त यानी कल से लागू हो जाएगा। इससे पहले ट्रम्प जुलाई में भारत पर 25% टैरिफ लगा चुके हैं, जिससे आने वाले दिनों में भारतीय सामान के आयात पर अमेरिका में 50% टैरिफ देना होगा।
