छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ करेगा वृहद आन्दोलन, कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया निर्णय

रायपुर। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ की नवगठित प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक रायपुर में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष संजय तिवारी ने की तथा संचालन महामंत्री नवरतन बरेठ ने किया। बैठक में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री व विद्युत प्रभारी राधेश्याम जायसवाल, अखिल भारतीय विद्युत मजदूर महासंघ के उप महामंत्री हरीश चौहान, कोषाध्यक्ष मनोज शर्मा और कार्यकारी अध्यक्ष तेज प्रताप सिन्हा मंचस्थ रहे। प्रदेश भर से कार्यसमिति सदस्य, पदाधिकारी, विशेष आमंत्रित व ठेका प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत भारत माता, भगवान विश्वकर्मा और दत्तोपंत ठेंगड़ी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन व श्रद्धांजलि के साथ हुई। इसके बाद महामंत्री प्रतिवेदन, कोषाध्यक्ष द्वारा आय-व्यय प्रतिवेदन और क्षेत्रीय सचिवों के प्रतिवेदन प्रस्तुत किए गए। बैठक में सदस्यता अभियान, प्रवास कार्यक्रम और पूर्व स्थगित आंदोलन को पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया।
सर्वसम्मति से तय कार्यक्रम इस प्रकार है– 29 अगस्त को जिला एवं क्षेत्रीय मुख्यालय स्तर पर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। 1 से 8 अक्टूबर तक जनजागरण अभियान और काली पट्टी लगाकर विरोध प्रदर्शन होगा। 9 अक्टूबर को पावर कंपनी मुख्यालय का घेराव एवं एकदिवसीय रैली आयोजित की जाएगी।


महासंघ ने प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्पष्ट किया है कि यदि आश्वासन के अनुरूप समाधान नहीं हुआ तो अल्प सूचना पर और व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी।बैठक में आंदोलन की तैयारी हेतु प्रदेशभर में प्रभारी नियुक्त कर प्रवास का निर्णय भी लिया गया। इस अवसर पर राधेश्याम जायसवाल, हरीश चौहान, बी.एस. राजपूत और नरोत्तम धृतलहरे ने मार्गदर्शन दिया।अंत में कार्यकारी अध्यक्ष तेज प्रताप सिन्हा ने आभार व्यक्त किया। बैठक में दिवंगत महानुभावों को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

Spread the word