हाथियों का आतंक जारीः तनेरा में मवेशियों पर किया हमला, एक की मौत, एक घायल

कोरबा 07 अगस्त। जिले के पसान रेंज में विगत चार दिनों में घूम रहे हाथियों का आतंक लगातार जारी है। हाथियों ने जहां अब तक घरों व फसल को निशाना बना रहे थे, वहीं अब मवेशियों पर भी हमला करना शुरू कर दिया है। रेंज के तनेरा गांव में बीती रात अचानक पहुंचे हाथी ने त्रिलोक सिंह पिता भजन नामक ग्रामीण के गोठान में बंधे मवेशियों पर हमला कर दिया जिससे एक मवेशी (भैंस) की मौत हो गई, वहीं एक बछड़े का पैर बुरी तरह डेमेज हो गया है। हाथी ने अपना गुस्सा पास में खड़े बाइक पर भी उतारा और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। पीडि़त ग्रामीण द्वारा सूचना दिए जाने पर वन विभाग के अधिकार व कर्मचारी मौके पर पहुंचकर नुकसानी का आंकलन शुरू कर दिए हैं, वहीं पशु चिकित्सक को बुलाकर मृत भैंस के पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। जबकि घायल बछड़े का उपचार शुरू कर दिया गया है।

बताया जाता है कि तनेरा निवासी त्रिलोक सिंह ने मवेशियों को बांधने के लिए घर से लगभग 200 मीटर दूर जंगल के बीचोंबीच गोठान बना रखा है जहां उन्होंने अपने मवेशियों को बांधकर रखा था। रात 2 बजे के लगभग क्षेत्र में घूम रहे दो लोनर हाथियों में से एक हाथी गोठान में पहुंच गया और उपरोक्त घटना को अंजाम दिया। ग्रामीण को इसकी जानकारी आज सुबह तब लगी जब वे गोठान पहुंचे तो वहां पर अपने एक नग मवेशी (भैंस) को मृत पाया तथा एक बछड़ा पैर डेमेज होने के कारण चल-फिर नहीं पा रहा था। इस बीच कोरबा वनमंडल के कुदमुरा एवं कोरबा रेंज में बड़ी संख्या में अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हाथियों का अधिकांश दल पड़ोसी धरमजयगढ़ डिविजन के जंगल की ओर चला गया है जबकि 7 हाथियों का एक दल अभी भी कुदमुरा रेंज के कटकोरा क्षेत्र में सक्रिय है, जिनकी निगरानी वन विभाग द्वारा की जा रही है। हाथियों के इस दल ने यहां उत्पात मचाते हुए आधा दर्जन किसानों के धान फसल को मटियामेट कर दिया है। इससे पहले बड़ी संख्या में कोरबा वनमंडल के जंगल में हाथियों के मौजूद रहने तथा खेतों में पहुंचकर लगातार फसल रौंदे जाने से ग्रामीण काफी परेशान थे वहीं वन विभाग को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

Spread the word