अपराध नियंत्रण पर जोर, सख्ती से कार्रवाई करने की जरूरत

एसपी ने ली क्राईम मीटिंग
कोरबा 1 अगस्त। स्थानीय जिला पुलिस कार्यालय के सभागार में क्राईम मीटिंग आयोजित की गई। पिछले कुछ समय में हुए अपराधों की जानकारी लेने के साथ इन मामलों में की गई कार्यवाही और प्रगति का ब्यौरा लिया गया। इसके साथ ही लंबित मामलों का निराकरण करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
समयबद्ध कार्यक्रम के अंतर्गत जिला पुलिस में क्राइम मीटिंग आयोजित की जिसमें पुलिस थाना और चौकी के प्रभारी शामिल हुए। पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी इस बैठक में मौजूद थे। बारी-बारी से सभी क्षेत्रों में बीते समय में हुई घटनाओं और इस दिशा में पुलिस की ओर से की गई करवाई के बारे में चर्चा हुई। कुछ मामलों में अपराधों की गंभीरता को लेकर प्रभारी से सवाल जवाब हुए। इसके पीछे की वजह जानने पर भी जोर दिया गया। कहा गया कि अपने-अपने क्षेत्र में आपराधिक ग्राफ को कम करने के लिए विशेष कोशिश की जाए। अपराधिक तत्वों की कुंडली निकालने के साथ उसे पर अध्ययन करने पर भी फोकस किया गया।
काफी समय से लंबित प्रकरण की स्थिति को भी इस बैठक में जाना गया। अनिवार्य रूप से पेंडेंसी कम करने की बात भी कहीं गई। यह भी कहा गया किया कि काफी समय से बीट सिस्टम पर काम किया जा रहा है। इसलिए यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि बीट प्रभारी के साथ-साथ सहयोगी अपनी भूमिका का बेहतर निर्वहन करें, इसे भी देखा जाए। अपने क्षेत्र में रहने वाले प्रतिष्ठित लोगों के साथ-साथ आम लोगों से बराबर संपर्क हो और संवाद भी हो। क्योंकि लोगों को अपने क्षेत्र के बारे में बेहतर जानकारी होती हैं और किसी प्रकार के अपराध होने पर उनसे पुलिस को सहयोग मिल सकता है। पुलिस अधीक्षक ने कहा की कम्युनिटी पुलिसिंग के काफी अच्छे परिणाम पूर्व में आते रहे हैं इसलिए इसे हमेशा ध्यान में रखने की जरूरत है।
कुछ मामलों में अनुसंधान को लेकर हो रही देरी के बारे में संबंधित प्रभारी से जानकारी ली गई और उनका आवश्यक मार्गदर्शन किया गया। क्राइम मीटिंग में यह भी कहा गया कि किसी भी प्रकार के अवैध क्रिया कलाम इलाके में नहीं होने चाहिए। ऐसी किसी सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सख्ती दिखाई जाए। ऐसे काम करने पर सभी क्षेत्रों में एक अच्छा वातावरण बनाया जा सकेगा और जनता का विश्वास सहूलियत होगी। बैठक में पुलिस विभाग के स्थानीय राजपत्रित अधिकारियों के अलावा थाना प्रभारी एमबी पटेल, धर्म नारायण तिवारी, अभिनव कांत सिंह, युवराज तिवारी, मृत्युंजय पांडेय, के के वर्मा, चमन सिन्हा, प्रमोद डनसेना, ए खलखो, प्रेमचंद साहू, जितेंद्र यादव, राजेश तिवारी, दुर्गेश वर्मा, भीम यादव उपस्थित रहे।
