हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर और वीरेंद्र तोमर के ऑफिस पर हुई बुलडोजर कार्रवाई, दोनों की तलाश हुई तेज

रायपुर। राजधानी रायपुर में सूदखोर और फरार हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर और वीरेंद्र तोमर के ऑफिस को तोड़ने के लिए निगम की टीम पहुंची और उनके ऑफिस पर बुलडोजर कार्रवाई की। निगम की टीम के साथ भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा।

बताया जा रहा है कि, रोहित तोमर ने अपनी पत्नी के नाम पर ऑफिस खोल रखा था और यहीं से सूदखोरी का काम करता था। बता दें कि, बदमाश तोमर बंधुओं का घर और ऑफिस भाटागांव के साईं नगर में स्थित है। निगम की टीम ने तोमर बंधुओं के दफ्तर पर बुलडोजर चलाया है। इस दौरान पुलिस और निगम की टीमें अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंची थी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस की टीम ने तोमर बंधुओं की तलाश तेज कर दी है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि, रोहित और उसका भाई वीरेंद्र तोमर लंबे समय से फरार चल रहे हैं। दोनों भाइयों पर सूदखोरी, ममारपीट समेत कई गंभीर धाराओं में अलग-अलग थानों में मामले दर्ज है। शिकायतें दर्ज होने के बाद से ही दोनों भाई फरार चल रहे हैं। पुलिस लगातार दोनों भाइयों की तलाश में जुटी हुई है। इतना ही नहीं पुलिस की टीम ने वीरेंद्र तोमर और रोहित तोमर की पत्नियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सूदखोर और हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं पुलिस की कार्रवाई जारी है। मंगलवार 5 जुलाई को पुलिस ने फरार हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर की पत्नी भावना उर्फ रुचि तोमर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर की पत्नी भावना तोमर ने कई राज उगले और कई प्रॉपर्टीयों की जानकारी दी। रोहित की पत्नी निशानदेही पर पुलिस ने लग्जरी जैगवार गाड़ी बरामद की है।

हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं की गाड़ी जैगुआर जब्ती के बाद गाड़ी का असल मालिक भी मौके पर पहुंचा। यह जैगुआर कार भिलाई निवासी मनोज कुमार वर्मा की है। पीड़ित मनोज वर्मा ने तोमर बंधुओ से 5 साल पहले ₹300000 उधार लिया था और बदले में कार गिरवी में रख ली थी। उधार लेने के बाद वह 8 लाख रुपए चुका चुका था। लेकिन इसके बाद भी तोमर बंधु उसकी लग्जरी कार वापस नहीं कर रहे थे।

बीते महीने वीरेंद्र तोमर की पत्नी को पुलिस ने किया था गिरफ्तार

उल्लेखनीय है कि, बीते महीने परिवार के साथ मिलकर सामूहिक रूप से सूदखोरी का कारोबार करने वाले हिस्ट्रीशीटर बदमाश वीरेंद्र तोमर की पत्नी को पुलिस ने एक्सटार्सन, कर्जा एक्ट, यू-ट्यूबर और उसके कैमरामैन को बंधक बनाकर मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यू-ट्यूबर और उसके कैमरामैन से मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने और दो अन्य को भी गिरफ्तार किया है। जिन दो अन्य को गिरफ्तार किया है, उनमें दिल्ली की एक महिला तथा मध्यप्रदेश का एक व्यक्ति शामिल है। पुलिस ने जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें वीरेंद्र की पत्नी शुभ्रा सिंह उर्फ नेहा के साथ अपने आपको करणी सेना महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष बताने वाली दिल्ली निवासी संगीता सिंह, वीरेंद्र, रोहित का मददगार मध्यप्रदेश, भोपाल निवासी प्रभंजन सिंह है।

यू-ट्यूबर के साथ की थी मारपीट

यू-ट्यूबर माना निवासी गायत्री सिंह ने तीनों के खिलाफ मारपीट करने, कैमरा तोड़ने और घर में बंधक बनाकर मारपीट करने की थाने में शिकायत दर्ज कराई है। गायत्री ने पुलिस को बताया है कि, गुरुवार को वह अपने कैमरामैन के साथ वीरेंद्र के घर के बाहर शूटिंग कर रहे थे। इसी दौरान संगीता तथा प्रभंजन कार से उतरे और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए कैमरा जमीन पर पटक दिया और मारपीट करने लगे। इस दौरान वीरेंद्र की पत्नी घर से बाहर निकली और तीनों ने मिलकर गायत्री तथा उसके कैमरामैन को जबरन घर के अंदर ले जाकर बंधक बनाकर मारपीट की।

पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे

वीरेंद्र, रोहित तथा उनके परिवार के अन्य सदस्य के खिलाफ गिरोह बनाकर सूदखोरी करने के साथ लोगों की प्रॉपर्टी जबरन कब्जा करने, दिए गए कर्ज के बदले कई गुना ज्यादा रकम वसूलने के साथ ब्लैकमेलिंग करने के गंभीर आरोप हैं। इन मामलों में पुलिस ने वीरेंद्र तथा रोहित की पत्नी को पूछताछ करने पूर्व में बुलाया था। बावजूद इसके वीरेंद्र तथा रोहित की पत्नी ने पूछताछ में पुलिस की किसी भी तरह से मदद नहीं की। इसके कारण पुलिस ने वीरेंद्र की पत्नी को गिरफ्तार किया है। वीरेंद्र तथा रोहित तोमर के परिवार से जुड़े दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वीरेंद्र की पत्नी के पूर्व उसके भतीजे को गिरफ्तार किया है, जो वर्तमान में व्यायिक रिमांड पर जेल में बंद है।

क्या है पृष्ठभूमि.?

रायपुर छत्तीसगढ़ के हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई जारी है। वीरेंद्र तोमर और रोहित तोमर पर सूदखोरी, वसूली, गोलीबारी, अपहरण और महिलाओं से मारपीट जैसे गंभीर आरोप हैं।

* अपडेट्स:*

  • रोहित तोमर की पत्नी भावना उर्फ रुचि तोमर को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जाकर गिरफ्तार किया गया है।
  • पुलिस ने रोहित के घर से एक जगुआर कार जब्त की है, जो कथित तौर पर अवैध रूप से प्राप्त की गई थी।
  • वीरेंद्र तोमर की पत्नी शुभ्रा सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है, उन पर एक यू-ट्यूबर और उसके कैमरामैन को बंधक बनाकर पीटने का आरोप है।
  • पुलिस ने तोमर बंधुओं के ठिकानों पर छापेमारी कर करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की है, जिसमें नगदी, सोना, पिस्टल और कारतूस शामिल हैं।
  • तोमर बंधुओं के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। उन पर इनाम भी घोषित किया गया है।
  • पुलिस ने तोमर बंधुओं की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू की है और उनके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
Spread the word