छत्तीसगढ़ की पहली महिला बनी कबड्डी की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी

कोरबा 27 जुलाई। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ऊर्जानगरी कोरबा के एक छोटे से गांव केराकछार तिवरता की रहने वाली संजू यादव आज कबड्डी की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। संजू छत्तीसगढ़ की पहली खिलाड़ी हैं, जिन्हें कबड्डी की राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनने का मौका मिला।
यह संभव हुआ संजू के संघर्ष, लगन और मेहनत से। संजू कहती हैं कि यदि आप किसी काम पर फोकस होकर करते हैं तो आपको उसमें सफलता मिलती ही है। समय का मैनेजमेंट भी आपको फोकस रहने से ही आता है। मैंने समय का सही संतुलन करना अपने घर से ही सीखा और आज उसी के कारण अपने खेल में अच्छा कर रही हूं।
संजू के पिता रामजी यादव और मां अमरिका यादव पेशे से किसान हैं। छह-सात वर्ष पहले संजू ने विद्यार्थी जीवन में कबड्डी खेलना शुरू किया था। एक बार गांव तिवरता में कबड्डी की स्पर्धा हो रही थी। इसमें शामिल होने के लिए संजू भी पहुंची थी। संजू के दांव-पेच को देखकर कबड्डी के जिला पदाधिकारी की नजर पड़ी।
