राज ठाकरे रविवार को उद्धव ठाकरे के घर मातोश्री पहुंचे, गले लगाया, बुके देकर जन्मदिन की बधाई दी..!

मुंबई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) चीफ राज ठाकरे रविवार को 6 साल बाद उद्धव ठाकरे के घर मातोश्री पहुंचे। इस दौरान राज ने शिवसेना (UBT) चीफ उद्धव ठाकरे को गले लगाया और बुके देकर जन्मदिन की बधाई दी।
इससे पहले आखिरी बार 6 साल पहले 2019 में राज ठाकरे मातोश्री गए थे। उन्होंने उद्धव परिवार को अपने बेटे अमित की शादी में आने का न्योता दिया था। वहीं, औपचारिक रूप से राज 2012 में मातोश्री गए थे। उस समय बालासाहेब ठाकरे बीमार थे।
5 जुलाई को 20 साल बाद उद्धव और राज मुंबई के वर्ली डोम में एक रैली के दौरान साथ नजर आए थे। इस मौके पर दोनों की तरफ से आगे साथ मिलकर राजनीति करने के संकेत दिए गए थे। उद्धव को शिवसेना का मुखिया बनाने के बाद राज ने अलग पार्टी MNS बनाई थी। तब दोनों के रिश्ते अच्छे नहीं थे।
उद्धव-राज ठाकरे के मुलाकात की फोटोज…

उद्धव ठाकरे का आज 65वां जन्मदिन है। इस मौके पर राज ठाकरे उन्हें बधाई देने मातोश्री पहुंचे।

MNS चीफ राज ठाकरे ने उद्धव ठाकरे को बुके दिया। इस मौके पर दोनों नेता मुस्कुराते नजर आए।

उद्धव ठाकरे ने राज ठाकरे को गले लगाया। दोनों नेता 2019 के बाद मातोश्री में मिले हैं।

MNS नेता नितिन सरदेसाई, शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राउत (बाएं से दूसरे), अनिल परब और अम्बादास दानवे भी मातोश्री में मौजूद रहे।
20 साल बाद ठाकरे परिवार एक साथ आया था

महाराष्ट्र में हिंदी को लेकर जारी विवाद के बीच उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने ‘मराठी एकता’ पर 5 जुलाई को मुंबई के वर्ली डोम में रैली की थी। इस मौके पर दोनों की तरफ से आगे साथ मिलकर राजनीति करने के संकेत दिए गए।
राज ठाकरे ने कहा था, ‘मैंने अपने इंटरव्यू में कहा था कि झगड़े से बड़ा महाराष्ट्र है। 20 साल बाद हम एक मंच पर आए हैं आपको दिख रहे हैं। हमारे लिए सिर्फ महाराष्ट्र और मराठी एजेंडा है, कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है।’
वहीं, उद्धव ने कहा था-, ‘हमारे बीच की दूरियां जो मराठी ने दूर कीं सभी को अच्छी लग रही हैं। मेरी नजर में, हमारा एक साथ आना और यह मंच साझा करना, हमारे भाषण से कहीं ज्यादा अहम है।’
