माई जी फाउंडेशन का हुआ भव्य आयोजन, मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या साय ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को किया सम्मानित

महापौर संजूदेवी राजपूत और भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी की भी रही गरिमामयी उपस्थिति

कोरबा 18 जुलाई। माई जी फाउंडेशन सोसायटी के तत्वावधान में महिलाओं के सशक्तिकरण को समर्पित “स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह” का आयोजन भव्य और ऐतिहासिक रूप से जिले में संपन्न हुआ। इस आयोजन में मुख्य अतिथि श्रीमती के रूप में कौशल्या साय ने शिरकत कर स्व-सहायता समूह की सक्रिय व प्रेरणादायी महिलाओं को उनके सामाजिक, आर्थिक और सामुदायिक योगदान के लिए सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

उक्त समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, वरिष्ठ पत्रकार कमलेश यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, पार्षद नरेंद्र देवांगन, वरिष्ठ अधिवक्ता मधु पांडे, छत्तीसगढ़ शक्ति स्वरूपा भारत विकास परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुषमा दानी और समाजसेवी नीतू अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

उक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या साय ने अपने भावुक संबोधन में कहा की “माई जी फाउंडेशन द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। स्व-सहायता समूह न केवल आर्थिक रूप से बल्कि मानसिक और सामाजिक रूप से भी महिलाओं को मजबूत बना रहे हैं। महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रमाण दे रही हैं। इस तरह के आयोजनों से उनके आत्मविश्वास को और अधिक बल मिलेगा। आने वाले समय में ये महिलाएं नारी सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल बनेंगी।”

उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता माई जी फाउंडेशन सोसायटी की अध्यक्षा श्रीमती निधि तिवारी ने की।इस अवसर पर नगर निगम कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा की “आज कोरबा की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं। स्व-सहायता समूह का यह सम्मान समारोह महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर है। ऐसे आयोजन न केवल महिलाओं का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा भी तय करते हैं।”

भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा की “माई जी फाउंडेशन का यह प्रयास अत्यंत प्रेरणादायी है। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सक्षम बनाना वास्तव में एक बड़ा कार्य है। भाजपा हमेशा समाज के ऐसे बदलावकारी प्रयासों में सहयोग करता रहा है और आगे भी करता रहेगा।” पार्षद नरेंद्र देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा की “यह समारोह महिलाओं के अदम्य साहस और परिश्रम का सम्मान है। माई जी फाउंडेशन ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जो कार्य किया है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है और वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनती हैं।”

कार्यकर्म के दौरान इशिता कश्यप की अद्भुत कत्थक नृत्य प्रस्तुति ने उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूजा दीवान ने छत्तीसगढ़ की लोककला पंडवानी की जीवंत प्रस्तुति देकर दर्शकों को रोमांचित किया। नम्रता, पायल और कोमल साहू की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में जीवंतता का संचार किया और दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। फाउंडेशन की सचिव श्रीमती हेमा शर्मा, उपाध्यक्ष श्रीमती श्रद्धा बुंदेला और सहायक जयपाल साहू ने कार्यक्रम की रूपरेखा और संचालन को कुशलता से संभाला। स्वागत उद्बोधन फाउंडेशन की सचिव हेमा शर्मा ने दिया।

Spread the word