अधिकारियों की लापरवाहीः कृषि उपज मंडी में जमीन समतल करने के लिए डाली गई राख खेतों में पहुंची

कोरबा 18 जुलाई। जिले में विद्युत विभाग द्वारा ग्राम खरगोरा में 132 केवी का विद्युत सब स्टेशन का निर्माण कराया गया है, जिससे लगा हुआ ही कृषि उपज मंडी का एक बड़ा भूभाग हैं, जिसमें बड़ी मात्रा में राखड़ पाटा गया था। जिसका खामियाजा सब स्टेशन में कार्यरत कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के ग्राम भालुसटका के पास मौजूद विद्युत सब स्टेशन में जिले में हो रही लगातार बारिश के कारण कृषि उपज मंडी का राख सब स्टेशन के प्रांगण से होते हुए पास के खेतों तक पहुंच गया जिससे सब स्टेशन और पास के खेत राखमय हो गए हैं।

गत वर्ष कृषि उपज मंडी की बाउंड्री वॉल बारिश की वजह से टूट गई थी। जिससे राख का एक बड़ा सैलाब सब स्टेशन के एरिया में फैल गया था। जिसमे लगभग 10 किसानो की खेती फसल खराब हो गई थी, इस मामले को पर्यावरण विभाग ने काफी गंभीरता से लिया और विभाग ने कृषि उपज मंडी के सचिव को राख का उठाव जल्द से जल्द करने हेतु नोटिस जारी किया था। लेकिन कृषि उपज मंडी के अधिकारियों की लापरवाही के कारण इस वर्ष भी हालात वैसे ही बने हुए हैं।

जिले में हो रही लगातार बारिश की वजह से कृषि उपज मंडी में जमीन समतल करने के लिए डाली गई राख पानी के साथ सब स्टेशन एवं आसपास के खेतों में पहुंच रही है। जिस तरह से बारिश की पानी के साथ कृषि उपज मंडी की राख रिसकर सब स्टेशन में आ रही है, इससे भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।

Spread the word